कोलकाता: दक्षिण अफ्रीका ने भले ही टी 20 सीरीज बड़े आराम से जीत ली हो लेकिन उसके स्टार बल्लेबाज जेपी डुमिनी का मानना है कि भारत आगामी वनडे सीरीज में मजबूती से वापसी करेगा और उनकी टीम इसे हलके में नहीं ले सकती। दक्षिण अफ्रीका ने धर्मशाला और कटक टी-20 में भारत को हराकर श्रृंखला 2 - 0 से जीती जबकि तीसरा और आखिरी मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। मैन आफ द सीरिज रहे डुमिनी ने कल कहा, एक टीम के रूप में हम अपेक्षा करते हैं कि वह दोनों सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हमें कोई भ्रम नहीं है कि वनडे सीरीज आसान होगी। हमें पता है कि कड़ी मेहनत करनी होगी और अच्छा खेलना होगा। आपको बता दें कि वनडे सीरीज का पहला मैच कानपुर में खेला जाएगा और डुमिनी ने कहा कि उनकी टीम दमदार शुरूआत करने उतरेगी। उन्होंने कहा, हमारा फोकस कानपुर पर है और उम्मीद है कि शुरूआत अच्छी होगी। इससे आत्मविश्वास बढ़ेगा। हमें पता है कि भारतीय वनडे टीम बेहतरीन है लिहाजा अच्छी शुरूआत बहुत जरूरी है।
डुमिनी को और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
धर्मशाला में पहले टी-20 में नाबाद 68 रन बनाकर टीम को 200 रन के लक्ष्य तक ले जाने वाले डुमिनी ने कहा, मैं उसे अपनी उम्दा पारियों में से एक कहूंगा। मेरा अभी भी मानना है कि मैं इससे बेहतर प्रदर्शन कर सकता हूं, सिर्फ बल्ले से नहीं बल्कि गेंद से भी। अच्छे प्रदर्शन की भूख को बरकरार रखना जरूरी है।
200 रन का लक्ष्य हासिल करना बड़ी कामयाबी
डुमिनी ने कहा, हमारे लिए वह बड़ी जीत थी क्योंकि 200 रन के लक्ष्य को हासिल करके आत्मविश्वास बढता है । इससे इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले हमारा मनोबल बढेगा और विश्व कप भी कुछ महीने बाद ही है।
टीम की सफलता का मंत्र: एक दूसरे की सफलता का मजा लेना
एल्बी मोर्कल की फार्म में वापसी से दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी मजबूत हुई है। डुमिनी ने कहा, दूसरे मैच में हमें पता था कि गेंदबाजी में सुधार करना होगा। एल्बी का प्रदर्शन हमारे लिए बहुत अच्छा रहा। गेंदबाजों ने उम्दा प्रदर्शन किया। यह पूछने पर कि दक्षिण अफ्रीका विदेश दौरों पर अच्छा प्रदर्शन कैसे करती है, उन्होंने कहा कि यह एक दूसरे की सफलता और सोहबत का मजा लेने की बात है। उन्होंने कहा , हम दुनिया के किसी भी कोने में क्यूं ना हो और सामने कैसी भी चुनौती हो, हम उसका सामना मिलकर करते हैं। ड्रेसिंग रूम का माहौल अच्छा है और हम एक दूसरे के साथ और सफलता का मजा लेते हैं।