1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Eng vs Pak : 600 टेस्ट विकटों के करीब पहुँचने वाले एंडरसन को कोच सिल्वरवुड ने बताया 'प्रेरणास्त्रोत'

Eng vs Pak : 600 टेस्ट विकटों के करीब पहुँचने वाले एंडरसन को कोच सिल्वरवुड ने बताया 'प्रेरणास्त्रोत'

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 25, 2020 12:10 pm IST,  Updated : Aug 25, 2020 12:10 pm IST

38 वर्षीय गेंदबाज एंडरसन ने इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के चौथे दिन तक अपने विकेटों की संख्या 599 पर पहुंचा दी थी।

James Anderson- India TV Hindi
James Anderson Image Source : GETTY IMAGES

साउथम्पटन| इंग्लैंड के मुख्य कोच क्रिस सिल्वरवुड ने कहा कि 600 विकेट की दहलीज पर खड़े अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन अन्य गेंदबाजों की लगातार मदद करते रहते हैं और सभी के लिये प्रेरणास्रोत हैं। इस 38 वर्षीय गेंदबाज ने इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के चौथे दिन तक अपने विकेटों की संख्या 599 पर पहुंचा दी थी। अंतिम दिन एक विकेट हासिल करने पर वह 600 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज तथा कुल चौथे गेंदबाज बन जाएंगे। उनसे पहले मुथैया मुरलीधरन, शेन वार्न और अनिल कुंबले ही इस मुकाम पर पहुंचे हैं लेकिन ये तीनों स्पिनर हैं।

सिल्वरवुड ने ‘स्काई स्पोर्ट्स’ से कहा, ‘‘हम सभी जिम्मी के रिकार्ड से अवगत है और उम्मीद है कि वह इसे हासिल करने में सफल रहेगा। यह देखना शानदार होगा। वह सभी के लिये प्रेरणास्रोत हैं। 600 टेस्ट विकेट लाजवाब। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘उसने इस मुकाम पर पहुंचने के लिये कड़ी मेहनत की और उसका यहां तक पहुंचना शानदार है। वह अन्य गेंदबाजों की लगातार मदद करते रहते हैं। इससे अच्छी बात क्या हो सकती है कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक गेंदबाज हमारी टीम में है और अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है।’’

एंडरसन चौथे दिन ही 600 विकेट तक पहुंच जाते अगर विकेटकीपर जोस बटलर ने आसान कैच नहीं छोड़ा होता। सिल्वरवुड ने कहा, ‘‘एक गेंदबाज के लिये यह निराशाजनक होता लेकिन आप यही कर सकते हैं कि वह काम करो जो आपके लिये जरूरी है। जिम्मी ने भी यही किया और उन्हें इसका इनाम भी मिला। (कैच छूटने के मामले में) जिम्मी ने बहुत अच्छा व्यवहार किया। कोई भी कैच नहीं छोड़ना चाहता लेकिन यह निराशाजनक होता है। ’’

वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली सीरीज में स्टुअर्ट ब्रॉड टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट लेने वाले सातवें गेंदबाज बने थे। सिल्वरवुड ने कहा, ‘‘यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। हमारे पास 500 से अधिक विकेट लेने वाले दो गेंदबाज हैं और जिम्मी का 600 विकेट के करीब पहुंचना शानदार है।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल