चेन्नई: भारत ने एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच में इंग्लैंड के पहली पारी के 477 रनों के जवाब में बिना कोई विकेट गंवाए 60 रन बना लिए हैं। दूसरे दिन शनिवार का खेल खत्म होने तक सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (30 नॉटआउट) और पार्थिव पटेल (28 नॉटआउट) क्रीज पर जमे हुए हैं। भारत अभी भी मेहमानों से 417 रन पीछे है।
खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इंग्लैंड ने मोइन अली (146), जोए रूट (88), पदार्पण मैच खेल रहे लियाम डॉसन (66 नॉटआउट) और आदिल राशिद (60) की अहम पारियों की बदौलत पहली पारी में मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए। उमेश यादव और ईशांत शर्मा को 2-2 विकेट मिले। रविचंद्रन अश्विन और अमित मिश्रा को 1-1 विकेट मिला।

लोकेश राहुल। (AP फोटो)
पहले दिन 4 विकेट पर 284 रन के स्कोर से आगे खेलने उतरी इंग्लिश टीम ने शनिवार को दो सेशन से अधिक समय क्रीज पर बिताया और इस दौरान स्कोर में 197 रन और जोड़े।