नई दिल्ली: चर्चित भारत-पाक क्रिकेट श्रृंखला को दो हिस्सों में आयोजित किया जा सकता है – अगले महीने श्रीलंका में सीमित ओवरों के मैच और अगले साल इंग्लैंड में टेस्ट मैच।
ऐसा बताया जा रहा है कि बीसीसीआई के अध्यक्ष शशांक मनोहर और पाकिस्तान क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के चेयरमैन शहरयार खान के बीच दुबई में हुई मुलाकात में इस बात पर सहमति बनी, लेकिन इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का आना फिलहाल बाकी है।
"पीसीबी चेयरमैन शहरयार खान ने प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ और विदेश मंत्री से भारत के साथ अगले महीने श्रीलंका में एकदिवसीय क्रिकेट मैच खेलने की अनुमति मांगी है।," अंतर-प्रांतीय समन्वय के मंत्रालय के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया।
यह भी बताया गया कि शहरयार ने यह संकेत भी दिए हैं कि भारत अगले साल पाकिस्तान के साथ टेस्ट मैच भी खेलना चाहता है।
"योजना यह है कि पाकिस्तान 2017 में एक पूरी सीरीज़ खेलने के लिए भारत का दौरा करेगा, जबकि उससे पहले भारत पाकिस्तान के साथ दो फेज़ में किक्रेट खेलेगा। संकेत के अनुसार टेस्ट मैचों का आयोजन गर्मियों में इंग्लैंड में किया जा सकता है।" उन्होंने कहा।
यह भी बताया गया कि श्रीलंका में भारत-पाक मैचों का आयोजन करने की एक वजह यह सुनिश्चित करना भी है कि पाकिस्तान को ब्रॉडकास्ट डील्स से अधिकतम रेवेन्यू मिल सके। भारत और पाकिस्तान ने 2007 के बाद से एक-दूसरे के खिलाफ टेस्ट मैच नहीं खेला है।