अबुधाबी: सलामी बल्लेबाज एलेस्टेयर कुक और मोईन अली की संयमपूर्ण बल्लेबाजी की मदद से इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट में अच्छा आगाज किया जबकि शोएब मलिक के दोहरे शतक के मदद से पाकिस्तान ने पहली पारी आठ विकेट पर 523 रन पर घोषित की ।
कुक 39 रन बनाकर खेल रहे हैं जबक अली ने 15 रन बना लिये हैं । इंग्लैंड अभी भी पाकिस्तान के पहली पारी के स्कोर से 467 रन पीछे हैं ।अली पगबाधा की एक जोरदार अपील से बाल बाल बचे जब तेज गेंदबाज राहत अली की गेंद पर आस्ट्रेलियाई अंपायर पाल रेफील ने उन्हें नाबाद करार दिया ।
पांच साल बार टेस्ट टीम में लौटे मलिक ने 245 रन की यादगार पारी खेली जो उनके टेस्ट कैरियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है । असद शफीक : 107 : ने मलिक के साथ 248 रन जोड़े जो पाकिस्तान इंग्लैंड टेस्ट में एक रिकार्ड है ।
मलिक का इससे पहले सर्वोच्च टेस्ट स्कोर नाबाद 148 रन था जो उन्होंने कोलंबो में 2006 में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था ।
मलिक ने अपनी 420 गेंद की पारी में 24 चौके और चार छक्के लगाये । वह बेन स्टोक्स की गेंद पर इयान बेल को कैच देकर आउट हुए । शफीक ने अपना शतक आदिल रशीद को चौका लगाकर पूरा किया ।