विजयवाड़ा, आंध्रप्रदेश: आंध्रप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व महासचिव पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली पूर्व रणजी क्रिकेटर एम.दुर्गाभवानी ने खुदकुशी कर ली। दुर्गाभवानी का शव विजयवाड़ा में उसके घर में पंखे से झूलता हुआ मिला है।
दुर्गाभवानी के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में लिखा है कि-
'मैं अपनी जिंदगी से परेशान होकर खुदकुशी करने का कदम उठा रही हूं। मेरे आत्महत्या करने के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है। मेरे मरने के बाद मेरी बच्ची का ख्याल रखना, उसे अच्छी परवरिश देना। अलविदा।'
पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता जांच रही है और उसे हैंडराइटिंग एक्सपर्ट के पास भेजा जा रहा है।

कुछ दिनों पहले दुर्गाभवानी ने आंध्रप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। लेकिन बाद में उसने अदालत में अपनी शिकायत यह कहते हुए वापस ले ली थी कि ऐसा करने के लिए एसीए के एक अधिकारी ने उसपर दबाव डाला था। दुर्गाभवानी के घरवालों ने उसकी मौत के पीछे किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। जिस वक्त उन्होंने आत्महत्या की, उसवक्त घर में अपनी 3 साल की बेटी थी। दुर्गाभवानी का पति फिजिकल एजुकेशन टीचर है और खुदकुशी के वक्त वो विजयवाड़ा में नहीं था।
पुलिस ने कहा कि शव घर से बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।