वेस्टइंडीज़ क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान का दौरा करने का प्रस्ताव सुरक्षा कारणों से ख़ारिज कर दिया है। ये फ़ैसला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर्स संघ द्वारा सुरक्षा संबंधी चिंता ज़ाहिर करने के बाद किया गया है।
संघ ने पाकिस्तान में सुरक्षा संबंधी ख़तरे के स्तर को बहुत अधिक बताया है और कहा है कि वहां सुरक्षा की गारंटी की उम्मीद नहीं नही की जा सकती।
ग़ौरतलब है कि वेस्टइंडीज़ ने पाकिस्तान के समक्ष फ़्लोरिडा, अमेरिका, में दो टी20 मैच खेलने का प्रस्ताव रखा था। यह प्रस्ताव पाकिस्तान ने इस शर्त के साथ मान लिया था कि इसके बदले में वह भी पाकिस्तान में दो टी20 मैच खेलने के लिए आए।
इसके बाद इस हफ़्ते वेस्टइंडीज़ प्लैयर्स एसोसिएशन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर्स संघ से पाकिस्तान के हालात के बारे में राय मांगी थी जो उसने दे दी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने संघ की राय को एकदम ख़ारिज कर दिया लेकिन संघ का कहना है कि उसकी राय सुरक्षा एजेंसी ईस्टर्न इंटरनैशनल की पड़ताल पर आधारित है।
बहरहाल, दोनों बोर्ड फ़्लोरिडा में 19 और 20 मार्च को दो टी20 मैच की संभावना पर अभी भी बातचीत कर रहे हैं।
पाकिस्तान बोर्ड ने इसके पहले इस हफ़्ते संघ की इस बात को ग़लत बताया कि लाहौर में पश्चिमी देशों के नागरिकों को लक्ज़री होटलों को हमले का निशाना बनाया गया है। बोर्ड ने कहा कि पिछले पांच साल में लाहौर में ऐसा कोई हमला नहीं हुआ है।
पाकिस्तान बोर्ड ने लाहौर में कीनिया, ज़िम्बाब्वे, बांग्लादेश (महिला टीम), अफ़ग़ानिस्तान और मलेशिया क्रिकेट टीमों की बिना किसी दिक़्क़त के मेज़बानी की है।