1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेस्ट क्रिकेट में फोकस स्ट्राइक रेट पर नहीं सकारात्मक रवैये पर: पुजारा

टेस्ट क्रिकेट में फोकस स्ट्राइक रेट पर नहीं सकारात्मक रवैये पर: पुजारा

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 08, 2016 07:40 pm IST,  Updated : Oct 08, 2016 07:40 pm IST

पर्याप्त गति से रन नहीं बनाने के कारण आलोचना को दरकिनार करते हुए भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने शनिवार को इंदौर में कहा कि टेस्ट क्रिकेट में स्ट्राइक रेट नहीं बल्कि सकारात्मक रवैया मायने रखता है।

Cheteshwar Pujara | Photo: AP- India TV Hindi
Cheteshwar Pujara | Photo: AP

इंदौर: पर्याप्त गति से रन नहीं बनाने के कारण आलोचना को दरकिनार करते हुए भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने शनिवार को इंदौर में कहा कि टेस्ट क्रिकेट में स्ट्राइक रेट नहीं बल्कि सकारात्मक रवैया मायने रखता है। पुजारा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट के पहले दिन 41 रन की पारी खेली लेकिन कप्तान विराट कोहली नॉटआउट सेंचुरी और अजिंक्य रहाणे नॉटआउट 79 रन बनाकर भारत के हीरो रहे। 

खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पुजारा ने पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा, ‘संदेश यह दिया गया था कि इरादे के साथ खेलो। जब टेस्ट की बात आती है तो स्ट्राइक रेट पर अधिक ध्यान देने की जरूरत नहीं होती लेकिन सकारात्मक रवैये पर ध्यान देने की जरूरत होती है। इस तरह के विकेटों पर आप लगातार रन बनाते हुए 70 या 80 से अधिक का स्ट्राइक रेट नहीं रख सकते। आपको स्थिति के अनुसार बल्लेबाजी करनी होगी। आपको पता होना चाहिए कि टीम की क्या जरूरत है।’ कप्तान कोहली और रहाणे की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए पुजारा ने कहा कि यह साझेदारी अहम है। 

भारत के पहले दिन 3 विकेट पर 267 रन बनाने के बाद पुजारा ने कहा, ‘विराट और अजिंक्य ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की। विराट ने काफी अच्छी पारी खेली और सीरीज में पहली सेंचुरी (दोनों टीमों की ओर से) बनाई और अजिंक्य ने भी अच्छी बल्लेबाजी की। उनकी साझेदारी (चौथे विकेट के लिए नाबाद 167 रन) अहम है और अगर कल यह साझेदारी जारी रहती है तो हमारे लिए अच्छा होगा।’ 5 पारियों में चौथा अर्धशतक जड़ने से 9 रन से चूके पुजारा ने कहा कि मौजूदा स्थिति से भारतीय टीम 400 रन से अधिक बनाने की कोशिश करेगी। 

उन्होंने कहा, ‘हम अधिक से अधिक समय बल्लेबाजी करने की कोशिश करेंगे। हम जिस स्थिति में हैं वहां से हम 400 रन बनाने की कोशिश करेंगे और अगर कल हम जल्दी विकेट नहीं गंवाते हैं और इसी तरह बल्लेबाजी जारी रखते हैं तो हमें बड़े स्कोर की उम्मीद है और जब हमारे स्पिनर गेंदबाजी करेंगे तो विकेट से अधिक मदद की उम्मीद है। यह पहला दिन है लेकिन फिर भी कुछ टर्न मिल रहा है, काफी ज्यादा नहीं लेकिन जैसे मैच आगे बढ़ेगा या तीसरे दिन से अधिक टर्न मिलेगा। उनके बायें हाथ के गेंदबाजों के जूतों से निशान बन रहे हैं और आफ स्पिनरों को अधिक मदद मिलेगी।’ न्यूजीलैंड की टीम सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही है लेकिन पुजारा का मानना है कि विरोधी टीम अच्छा खेल रही है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।