कोलकाता: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि न्यूजीलैंड की टीम स्पिनरों से निपटने में तकनीकी रूप से ऑस्ट्रेलिया से कहीं बेहतर है। गांगुली ने कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘न्यूजीलैंड इस बात से वाकिफ हैं कि भारत को उसकी सरजमीं पर हराना मुश्किल है। लेकिन अगर आप उसकी तुलना इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया से करो तो न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड के बाद दूसरी सर्वश्रेष्ठ टीम होगी।’
गांगुली ने कहा कि जहां तक परिस्थितियों का सवाल है, तो वह भारत के पक्ष में होंगी। भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक रहे सौरव गांगुली ने टेस्ट टीम के कैप्टन विराट कोहली को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘कोहली ने थोड़े ही समय में देश के लिये बेहतरीन प्रदर्शन किया है। वह ऐसा खिलाड़ी है जो अपनी तेजी और जीतने की भूख से भारतीय क्रिकेट की अहमियत बढ़ा सकता है।’
विराट के बारे में आगे बोलते हुए गांगुली ने कहा, ‘जब वह बल्लेबाजी के लिए आते हैं और जब वह भारत की कप्तानी के लिए मैदान पर आते हैं, तो आप उनके चेहरे की चमक देख सकते हैं।’ भारत अपने घर में न्यू जीलैंड के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने जा रहा है। इस सीरीज का पहला टेस्ट कानपुर में 22 सितंबर से शुरू हो रहा है। दूसरा और तीसरा टेस्ट क्रमश: कोलकाता और इंदौर में होंगे।