1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पिंक बॉल से गेंदबाजी करने के लिये सही लेंथ पर काम करना पड़ा: इशांत

पिंक बॉल से गेंदबाजी करने के लिये सही लेंथ पर काम करना पड़ा: इशांत

 Reported By: IANS
 Published : Nov 23, 2019 08:53 am IST,  Updated : Nov 23, 2019 08:53 am IST

इशांत शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय तेज गेंदबाजों को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में गुलाबी गेंद से शुरू में किसी तरह की स्विंग नहीं मिली जिसके बाद उन्होंने सही लेंथ की पहचान करनी पड़ी। 

ind vs ban- India TV Hindi
पिंक बॉल से गेंदबाजी करने के लिये सही लेंथ पर काम करना पड़ा: इशांत Image Source : BCCI

कोलकाता। इशांत शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय तेज गेंदबाजों को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में गुलाबी गेंद से शुरू में किसी तरह की स्विंग नहीं मिली जिसके बाद उन्होंने सही लेंथ की पहचान करनी पड़ी। इशांत ने अपने करियर में दसवीं बार पारी में पांच विकेट लिये जिससे भारत ने बांग्लादेश को पहली पारी में 106 रन पर समेट दिया।​

इशांत ने दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा, ‘‘लाल गेंद की तुलना में यह काफी भिन्न है। शुरू में हमने सही लेंथ से गेंदबाजी की लेकिन हमें किसी तरह की स्विंग नहीं मिली। इसके बाद हमें अहसास हुआ कि किस लेंथ पर हमें गेंद करनी चाहिए। हमने आपस में बात की और गुलाबी गेंद के लिये सही लेंथ हासिल की।’’

पिछले एक दशक से भी अधिक समय से भारतीय टीम का हिस्सा रहे इशांत को घरेलू सरजमीं पर पारी में पांच विकेट लेने के लिये 12 साल का इंतजार करना पड़ा। इशांत ने कहा, ‘‘मैं अभी अपनी क्रिकेट का लुत्फ उठा रहा हूं। शुरू में मैं अपने प्रदर्शन, विकेट लेने और बल्लेबाज को परेशानी में डालने को लेकर काफी दबाव में रहता था। अब मैं ज्यादा नहीं सोचता। निश्चित तौर पर अब मेरे पास अनुभव है और मैं परिस्थितियों के अनुसार अपनी लेंथ को लेकर जल्द से जल्द सामंजस्य बिठा लेता हूं।’’

यह 31 वर्षीय गेंदबाज 2016 से वनडे टीम का हिस्सा नहीं है जबकि उन्होंने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय 2013 में खेला था। इशांत ने कहा, ‘‘हां इससे कभी कभी बुरा लगता है लेकिन मैं जिंदगी के उस मोड़ पर पहुंच गया हूं जहां मैंने इन चीजों को लेकर चिंता करनी छोड़ दी है। मैं अब 31 साल का हूं और अगर मैं किसी प्रारूप में खेलने को लेकर चिंता करता हूं तो फिर मैं अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाऊंगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं केवल खेलना चाहता हूं, चाहे वह रणजी ट्राफी हो या भारत की तरफ से। अगर आप खेल का लुत्फ उठाते हो तो आप अच्छा प्रदर्शन भी करोगे। अगर आप छोटी छोटी बातों पर ध्यान देते हो तो कभी सुधार नहीं कर सकते हो।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल