1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 'ब्लडी इंडियंस' कहने पर भड़के भज्जी, जेट एयरवेज के पायलट के ख़िलाफ़ की कार्रवाई की मांग

'ब्लडी इंडियंस' कहने पर भड़के भज्जी, जेट एयरवेज के पायलट के ख़िलाफ़ की कार्रवाई की मांग

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 26, 2017 05:37 pm IST,  Updated : Apr 26, 2017 05:37 pm IST
Harbhajan Singh- India TV Hindi
Harbhajan Singh

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी हरभजन सिंह ने बुधवार को जेट एयरवेज़ के पायलट पर एक भारतीय यात्री के खिलाफ 'नस्ली' टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए इस पर सख़्त ऐतराज़ किया और पायलट के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि पायलट ने एक महिला के साथ भी दुर्व्यवहार किया और एक दिव्यांग व्यक्ति के खिलाफ भी अभद्र टिप्पणी की।

हरभजन इस इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने ट्विटर के जरिये इस घटना को उजागर किया।

हरभजन के अनुसार बन्र्ड हॉसलीन नाम के पालयट ने एक महिला के साथ 'धक्का मुक्की की और दिव्यांग व्यक्ति के लिए भी अपशब्द का इस्तेमाल किया।' उसने उन्हें 'ब्लडी इंडियंस' कहा।

हरभजन ने पायलट को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह भारतीय ज़मीन पर काम कर कमाई करते हैं और इसके बावजूद यहां के लोगों का अपमान करते हैं।

उन्होंने अपने पहले ट्वीट में लिखा, "जेट एयरवेज के पायलट बन्र्ड हॉसलीन ने मेरे साथी भारतीय से कहा कि 'मेरे विमान से निकल जाओ यू ब्लडी इंडियंस', जबकि वह यहीं अपनी कमाई कर रहे हैं।"

उन्होंने लिखा, "पायलट ने न केवल नस्ली टिप्पणी की, बल्कि एक महिला के साथ धक्का-मुक्की भी की और एक दिव्यांग व्यक्ति के लिए अपशब्द का इस्तेमाल किया.. घोर अपमान, शर्मनाक जेटएयरवेज।"

पायलट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हरभजन ने लिखा, "कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए और देश में ऐसी घटनाएं नहीं होने दी जाएगी और न ही इन्हें बर्दाश्त किया जाना चाहिए।"

हरभजन ने अपने परिवार और दोस्तों के साथ घूमने के लिए कुछ वक्त निकाला है। वह मंगलवार को अलीबाग गए थे, जिसका वीडियो उन्होंने इंस्टाग्राम पर डाला।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल