1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ‘कॉफी विद करण’ विवाद पर हार्दिक पंड्या बोले, 'गेंद मेरे पाले में नहीं थी'

‘कॉफी विद करण’ विवाद पर हार्दिक पंड्या बोले, 'गेंद मेरे पाले में नहीं थी'

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jan 09, 2020 12:09 pm IST,  Updated : Jan 09, 2020 12:09 pm IST

हार्दिक ने पिछले साल करण जौहर के चर्चित शो ‘कॉफी विद करण’ शो में महिलाओं पर विवादित बयान दिया था। जिसके कारण उन्हें काफी आलोचना का शिकार होना पड़ा था।

Hardik Pandya- India TV Hindi
Hardik Pandya Image Source : GETTY IMAGES

टीम इंडिया के स्टार हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पंड्या ने हाल ही में अपनी गर्लफ्रेंड नताशा स्टेनकोविक के साथ सगाई रचाई थी। जिसके चलते वो चर्चा का केंद्र बन गए थे। इसके बाद अब उन्होंने 'कॉफी विद करण' विवाद पर चुप्पी तोड़ी है। जिससे एक बार फिर हार्दिक पांड्या सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। 

दरअसल हार्दिक ने पिछले साल करण जौहर के चर्चित शो ‘कॉफी विद करण’ शो में महिलाओं पर विवादित बयान दिया था। जिसके कारण उन्हें काफी आलोचना का शिकार होना पड़ा था। ऐसे में अपने कमेंट पर अब सफाई देते हुए हार्दिक ने इंडिया टुडे से कहा, “हम एक क्रिकेटर के तौर पर नहीं जानते ‌थे कि क्या होने वाला है। गेंद मेरे पाले में नहीं थी बल्कि किसी और के पाले में थी जहां किसी और को फैसला लेना था। ये एक ऐसी स्थिति थी जिसमें आप खुद को नहीं देखना चाहते।”

हार्दिक पंड्या ने इस शो के दौरान कई महिलाओं के साथ संबंध होने का दावा किया था और यह भी बताया कि वह इस मामले में अपने परिजनों के साथ भी खुलकर बात करते हैं। इस शो में हार्दिक के साथ टीम इंडिया के ओपनर केएल राहुल भी मौजूद थे। हालांकि राहुल अपने संबंधों के बारे में जवाब देने में ज्यादा संयमित दिखे थे।

इसके बाद विवादों में घिरे हार्दिक पंड्या पर बीसीसीआई ने भी कार्रवाई की थी। तब बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही वनडे सीरीज से हार्दिक पंड्या और केएल राहुल दोनों आनन-फानन टीम इंडिया से बाहर कर दिया था। हालांकि बैन के बाद हार्दिक और राहुल ने फिर से क्रिकेट के मैदान में वापसी की और सभी फैंस से सोशल मीडिया पर माफ़ी भी मांगी थी। 

बता दें कि हार्दिक इन दिनों चोट की वजह से टीम इंडिया से लंबे समय से दूर है। हार्दिक ने सितंबर 2019 से टीम इंडिया के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है। ऐसे में टीम इंडिया का मैनेजमेंट उनकी जल्द वापसी की कामना कर रहा होगा क्योंकि इस साल अक्टूबर माह में टी20 विश्वकप खेला जाना है। जिसके लिए हार्दिक का प्लेइंग इलेवन में होना टीम इंडिया के लिहाज से काफी जरुरी है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल