1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. नामीबिया ने रचा इतिहास, आयरलैंड को हराकर मचाई सनसनी, पहली बार फुल मेंबर नेशन के खिलाफ जीती ODI सीरीज

नामीबिया ने रचा इतिहास, आयरलैंड को हराकर मचाई सनसनी, पहली बार फुल मेंबर नेशन के खिलाफ जीती ODI सीरीज

 Written By: Vanson Soral
 Published : Nov 01, 2026 09:52 pm IST,  Updated : Nov 01, 2026 09:52 pm IST

नामीबिया ने पांचवें और आखिरी ODI में आयरलैंड को पांच विकेट से हराकर सीरीज 3-2 से जीत ली। जे जे स्मिट ने चार और जैक ब्रासेल ने 3 विकेट लेकर आयरलैंड को 129 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।

Namibia- India TV Hindi
नामीबिया Image Source : AFP

नामीबिया ने पांचवें और आखिरी मुकाबले में आयरलैंड को पांच विकेट से शिकस्त देकर सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली। इसके साथ ही नामीबिया ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया। यह पहला मौका है जब उसने किसी पूर्ण सदस्य यानी फुल मेंबर नेशन के खिलाफ द्विपक्षीय ODI सीरीज जीती है। रविवार को खेले गए निर्णायक मुकाबले में नामीबिया की जीत के हीरो गेंदबाज जे जे स्मिट और जैक ब्रासेल रहे। स्मिट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि ब्रासेल ने 15 रन खर्च कर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। दोनों की धारदार गेंदबाजी के सामने आयरलैंड की पूरी टीम 33.4 ओवर में महज 129 रन पर सिमट गई।

आयरलैंड क्रिकेट टीम की ओर से लॉरेन स्टीनकैम्प ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए, जबकि कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 30 रन का योगदान दिया। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम ने कुछ विकेट जल्दी गंवाए, लेकिन 21.2 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

नामीबिया ने आयरलैंड किया पस्त

नामीबिया ने गेंदबाजी में शुरुआत से ही आयरलैंड पर दबाव बनाए रखा। तेज गेंदबाजों को मिल रही मदद का फायदा उठाते हुए मेजबान टीम ने आयरिश बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। रुबेन ट्रंपलमैन ने दूसरे ओवर में ही टिम टेक्टर को पांच रन के निजी स्कोर पर आउट कर आयरलैंड को पहला झटका दिया। शुरुआती 10 ओवर में मेहमान टीम सिर्फ 25 रन बना सकी और उसका एक विकेट गिरा था। इसके बाद मैक्स हिंगो ने अपने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर एंड्रयू बालबर्नी को 9 रन पर आउट कर दिया। केड कारमाइकल और हैरी टेक्टर ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन रन बनाने की रफ्तार धीमी रही। दोनों के बीच 29 रन की साझेदारी को ब्रासेल ने कारमाइकल को 27 रन पर बोल्ड करके तोड़ा।

लॉरकन टकर ने 14 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 20 रन बनाकर कुछ तेजी दिखाने की कोशिश की, लेकिन 23वें ओवर में स्मिट ने आयरलैंड की उम्मीदों को बड़ा झटका दे दिया। उन्होंने पहले टकर को कैच एंड बोल्ड किया और फिर कर्टिस कैम्फर तथा जॉर्ज डॉकरेल को लगातार 4 गेंदों के भीतर LBW आउट कर दिया। इस ओवर में स्मिट ने तीन विकेट लेकर आयरलैंड का स्कोर 84 रन पर 6 विकेट कर दिया।

जॉर्डन नील ने 25 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाकर संघर्ष किया। उन्होंने गेविन होई के साथ 28 रन जोड़े, लेकिन ब्रासेल ने उन्हें 30वें ओवर में LBW कर दिया। इसके बाद स्मिट ने होई को आउट कर अपना चौथा विकेट पूरा किया, जबकि ब्रासेल ने जय मूंद्रा को पवेलियन भेजकर आयरलैंड की पारी समेट दी। मेहमान टीम ने अपने आखिरी 7 विकेट महज 45 रन के भीतर गंवा दिए।

स्टीनकैंप शानदार अंदाज में किया पारी का आगाज

लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया को स्टीनकैंप ने अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने लगातार बाउंड्री लगाईं, जबकि माइकल वान लिंगेन ने 15 रन बनाकर उनका साथ दिया। हालांकि, सातवें ओवर में जय मूंद्रा की गेंद पर हैरी टेक्टर ने स्लिप में शानदार कैच लेकर वान लिंगेन की पारी खत्म कर दी। स्टीनकैंप ने इसके बाद भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। जान फ्राइलिंक ने 2 चौके लगाकर स्कोर आगे बढ़ाया, लेकिन मैथ्यू हम्फ्रीज ने उन्हें बोल्ड कर दिया। कुछ ही देर बाद स्टीनकैंप भी रन आउट हो गए। वह अपने अर्धशतक से सिर्फ 4 रन दूर रह गए और 46 रन बनाकर लौटे। इसके बाद कप्तान इरास्मस ने मोर्चा संभाला और टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने 22वें ओवर में छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी।

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान क्रिकेट के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, रिजवान और इमाम उल हक का कट सकता है पत्ता

ईशान किशन ने T20I में चकनाचूर किया सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड, बने एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।