1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशिया कप: ऐसे हो सकता है भारत-पाकिस्तान फ़ाइनल

एशिया कप: ऐसे हो सकता है भारत-पाकिस्तान फ़ाइनल

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Mar 02, 2016 03:07 pm IST,  Updated : Mar 02, 2016 03:07 pm IST

नई दिल्ली: टीम इंडिया ने आशानुरुप खेलते हुए अब तक खेले तीनों मैच जीतकर एशिया कप के फ़ाइनल में आराम से जगह बना ली है। उसका अंतिम मैच संयुक्त अरब अमीरात के साथ है जिसमें

asia cup india vs pakistan- India TV Hindi
asia cup india vs pakistan

नई दिल्ली: टीम इंडिया ने आशानुरुप खेलते हुए अब तक खेले तीनों मैच जीतकर एशिया कप के फ़ाइनल में आराम से जगह बना ली है। उसका अंतिम मैच संयुक्त अरब अमीरात के साथ है जिसमें हार और जीत का टीम पर असर नहीं पड़ेगा। देखा जाए तो एशिया कप में बाक़ी टीमें भारत के आगे कमज़ोर ही नज़र आती हैं। श्रीलंका उसके कई दिग्गजों के रिटायरमेंट के बाद एक नयी नवेली दुल्हन सी नज़र आती है जिसे अभी सुसुराल के तौर-तरीक़े सीखने में वक़्त लगेगा। बांग्लादेश के पास कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जिनसे विश्व क्रिकेट को भविष्य में बहुत उम्मदें होंगी लेकिन अभी वो उस स्थिति में नहीं है कि भारी उलटफेर कर दे हालंकि क्रिकेट में ये किसी भी टीम के साथ संभव है लेकिन उसे आप अपवाद ही कह सकते हैं।

रही बात पाकिस्तान की तो वह भी ऐसी टीम नहीं है जिसे ख़िताब का प्रबल दावेदार कहा जा सके। यूएई ने 129 रन बनाने के बाद उसे शुरुआती झटके दे दिए थे। भारत के ख़िलाफ़ तो 100 के आंकड़े को भी पार नही कर पाई थी। इसके बावजूद अगर क्रिकेट प्रेमियों से पूछा जाए कि वे किन दो टीमों को फ़ाइनल में देखना चाहेंगे तो ज़्यादातर का जवाब होगा भारत-पाक। बताने की ज़रुरत नहीं है कि भारत-पाकिस्तान मुक़ाबले में क्रिकेट का जुनून क्या होता है। अब सवाल ये है कि ये कैसे संभव होगा? आईये एक नज़र डालते हैं संभावनाओं पर। इसके लिये नज़र दौड़ानी पड़ेगी पाइंट टेबल पर।

                                                  अंक तालिका

        टीम     मैच      जीत      हार    अंक      रन रेट
       भारत      3       3       0      6    +1.467
     बांग्लादेश      3       2       1      4    +0.483
     श्रीलंका      3       1       2      2    -0.292
    पाकिस्तान      2       1       1      2    -0.494
      यूएई      3       0       3      0   -1.226

पाइंट टेबल से साफ़ है कि फाइनल की एक जगह के लिए मुक़ाबला बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच है। इनके बीच मुक़ाबले ही तय करेंगे कि फ़ाइनल में भारत के सामने कौन होगा।

2 मार्च यानी बुधवार (आज) मेज़बान बांग्लादेश पाकिस्तान से भिड़ेगा। बांग्लादेश तीन मैच में से दो मैच जीती है जबकि पाकिस्तान एक जीती और एक हारी है। यानी पाकिस्तान को बांग्लादेश के बाद एक मैच और खेलना है और वो मैच होगा श्रीलंका के साथ।

संभावना-1

अगर आज बांग्लादेश पाकिस्तान को हरा देती है तो पाकिस्तान के साथ-साथ श्रीलंका भी फ़ाइनल की दौड़ से बाहर हो जाएगी यानी पाकिस्तान श्रीलंका के मैच का फिर फ़ाइनल पर कोई असर नहीं पड़ेगा और बांग्लादेश तीन जीत के साथ फ़ाइनल में पहुंच जाएगी।

संभावना-2

अगर पाकिस्तान बांग्लादेश को हरा देती है तो उसके भी 4 अंक हो जाएंगे यानी अंक के मामले में पाकिस्तान और बांग्लादेश बराबर। ऐसी सूरत में श्रीलंका और पाकिस्तान के मैच का नतीजा तीनों में से किसी भी टीम को फ़ाइनल का टिकट थमा सकता है।

4 मार्च को पाकिस्तान और श्रीलंका की भिड़ंत है। आइये देखते हैं गणित क्या कहता है।

संभावना-3

(ये मानकर कि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हरा दिया है) अगर श्रीलंका ने इस मैच में पाकिस्तान पर जीत दर्ज कर ली तो तीनों टीमों के 4-4 अंक हो जाएंगे। लेकिन सिर्फ़ जीत से ही श्रीलंका फाइनल में नहीं पहुच पाएगी, उसे बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि वो रन रेट में बाकी टीमों को पछाड़ दे।

संभावना-4

पाकिस्तान अगर बांग्लादेश के खिलाफ़ जीतने के बाद श्रीलंका को भी हरा देती है तो फ़ाइनल में वह भारत के साथ एक बार फिर खेलेगी।

तो अब ये साफ़ है कि अगर बांग्लादेश अपना एक मैच जीता तो वो फ़ाइनल में, पाकिस्तान अगर अपने दोनों मैच जीता तो वो फ़ाइनल में और श्रीलंका और पाकिस्तान की टीमें अगर अब 1-1 मैच जीतीं तो फिर रन रेट तय करेगा कि कैन सी टीम फ़ाइनल में पहुंचेगी। इस लिहाज़ से आगे के मुकाबले इन तीनों ही टीमों के लिए बेहद अहम हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल