हैदराबाद: भारत ने आज यहां बांग्लादेश के ख़िलाफ़ एकलौते टेस्ट मैच के दूसरे दिन चायकाल तक छह विकेट खोकर 620 रन बना लिये हैं। इस समय साहा 83 और जडेजा 16 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत ने लगातार तीसरी बार 600+ का स्कोर किया है जबकि आज कप्तान विराट कोहली लगातार चौथी सिरीज़ में दोहरा शतक लगाकर ऐसा करने वाले क्रिकेट इतिहास के पहले बल्लेबाज़ बन गए।
बांग्लादेश की तरफ तैजुल इस्लाम सबसे सफल गेंदबाज़ रहे हैं जिन्होंने अब तक तीन विकेट लिए हैं।
कल के स्कोर 356/3 से आगे खेलते हुए भारत ने अपने खाते में शुक्रवार को भोजनकाल तक 121 रन जोड़े। भारत को दिन का पहला झटका 456 के कुल योग पर अजिंक्य रहाणे (82) के रूप में लगा।
मैच के दूसरे दिन पारी को आगे बढ़ाने उतरे कोहली और रहाणे के बीच चौथे विकेट के लिए 222 रनों की शानदार साझेदारी हुई। इस बीच ताइजुल इस्लाम ने मेहदी हसन मिराज के हाथों रहाणे को केचआउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। रहाणे अपना शतक पूरा नहीं कर पाए।
चौथे विकेट के लिए कोहली और रहाणे ने तीसरी बार 200 से अधिक रनों की साझेदारी की, जो इस विकेट के लिए किसी भी भारतीय जोड़ी का सर्वाधिक है।
रहाणे ने अपनी पारी में 133 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके लगाए, वहीं कोहली ने अब तक 230 गेंदों पर 23 चौके लगाए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में कोहली तीसरे स्थान पर हैं। इस सूची में शीर्ष पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी ग्रीम स्मिथ का नाम है। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ एक पारी में 232 रन बनाए।
इसके साथ ही कोहली, घरेलू सत्र में सबसे अधिक टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर दिग्गज बल्लेबाज रहे वीरेंद्र सहवाग का नाम है।