1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जानें, Twitter पर अपनी उम्र का मजाक उड़ाने वालों के लिए नेहरा ने क्या कहा

जानें, Twitter पर अपनी उम्र का मजाक उड़ाने वालों के लिए नेहरा ने क्या कहा

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 02, 2017 06:42 pm IST,  Updated : Oct 02, 2017 06:42 pm IST

38 साल के आशीष नेहरा को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है...

Ashish Nehra- India TV Hindi
Ashish Nehra | Getty Images

नई दिल्ली:  एक और अंतर्राष्ट्रीय वापसी करने को तैयार अनुभवी आशीष नेहरा उनकी काबिलियत पर संदेह और उनकी आलोचना करने वालों से जरा भी परेशान नहीं हैं। नेहरा को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों की T20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। वह अब सिर्फ टी20 मैच ही खेलते हैं। नेहरा देश के लिए अंतिम बार साल के शुरू में इंग्लैंड के खिलाफ खेले थे। इंग्लैंड के खिलाफ खेलने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान उन्हें चोट लग गई थी। नेहरा ने Twitter पर अपनी उम्र का मजाक उड़ाने वालों को भी एक बेहद प्यारा जवाब दिया है।

टीम में चुने जाने पर नेहरा ने कहा, ‘भारत के लिए खेलकर कौन खुश नहीं होगा। मुझे आलोचनाओं से कोई फर्क नहीं पड़ता। भारतीय ड्रेसिंग रूम को पता है कि मेरी क्या अहमियत है। कप्तान जानता है, चयनकर्ता जानते हैं। अगर मैं टीम में हूं तो निश्चित रूप से मैं कुछ योगदान दूंगा ही।’ अपने लक्ष्य के बारे में पूछने पर नेहरा ने कहा, ‘मेरी उम्र में आप लंबे समय के लक्ष्य नहीं बनाते। मुझे भारत के लिए 3 मैच खेलने के लिए चुना गया है। मैं एक बार में एक ही मैच पर ध्यान दूंगा। वैसे भी आशीष नेहरा अच्छा करेगा तो भी खबर है, अच्छा नहीं करेगा तो वह और भी बड़ी खबर है।’

उन्होंने हाल में ही स्मार्टफोन इस्तेमाल करना शुरू किया है और वह खुद मानते हैं कि वह फेसबुक और ट्विटर से कोसों दूर हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह ट्विटर पर अपनी उम्र के मजाक से परेशान होते हैं तो वह खिलखिलाकर हंसने लगे। नेहरा ने कहा, ‘मैं नहीं जानता कि लोग मेरे बारे में ट्विटर पर क्या कहते हैं। मैं सोशल मीडिया पर नहीं हूं और अब मैं टीम में आ गया हूं तो लोग सोच रहे होंगे कि मैं इस दौरान क्या कर रहा था। मैं अपने ट्रेनिंग कार्यक्रम का कड़ाई से पालन कर रहा था, अपनी फिटनेस पर काम कर रहा था। अपनी गेंदबाजी रूटिन का अनुकरण कर रहा था, वही चीजें कर रहा था जो वापसी के लिए जरूरी होती हैं।’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल