लाहौर: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की मेडिकल टीम ने डोप टेस्ट (मादक पदार्थ की जांच) के लिए मध्यम तेज़ गेंदबाज़ जुनैद ख़ान सहित पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान मिस्बाह-उल-हक़ और वनडे कप्तान अज़हर अली के यूरिन सैंपल लिए हैं। ये सैंपल गुरुवार को यहां गद्दाफ़ी स्टेडियम में चल रही ट्रेनिंग के दौरान लिए गए।
ट्रैनिंग शिविर के बाद इंग्लैंड-दौरे के लिए टीम की घोषणा होनी है। चार टेस्ट मैच सिरीज़ के लिए पाकिस्तान जुलाई में इंग्लैंड जाएगी।
पाकिस्तान न्यूज़ वेबसाइट डॉन के अनुसार सैंपल के नतीजे तो बाद में आएंगे लेकिन ये ऐसे समय लिए गए हैं कि अगर यूरिन में मादक द्रव्य पाया जाता है तो न सिर्फ मिस्बाह और अज़हर के लिए मुसीबतें बढ़ जाएंगी बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट की छवि पर भी बुरा असर पड़ेगा। इसके अलावा इनकी ग़ैरमौजूदगी में इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान टीम भी कमज़ोर हो जाएगी।