1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC वनडे रैंकिंग में विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह टॉप पर बरकरार, धोनी की रैंकिंग में हुआ सुधार

ICC वनडे रैंकिंग में विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह टॉप पर बरकरार, धोनी की रैंकिंग में हुआ सुधार

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 04, 2019 01:21 pm IST,  Updated : Feb 04, 2019 01:21 pm IST

भारत के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में 12 विकेट चटकाने वाले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। 

आईसीसी वनडे रैंकिंग...- India TV Hindi
आईसीसी वनडे रैंकिंग में विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह टॉप पर बरकरार, धोनी की रैंकिंग में हुआ सुधार Image Source : GETTY IMAGES

दुबई: आईसीसी वनडे रैंकिंग में कप्तान विराट कोहली और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बल्लेबाजों और गेंदबाजों की सूची में टॉप पर बरकरार हैं। पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन की बदौलत महेंद्र सिंह धोनी की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। वह इस सीरीज के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन अर्धशतक जड़ने वाले धोनी तीन स्थान के फायदे से 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं। 

भारत के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में 12 विकेट चटकाने वाले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत ने यह सीरीज 4-1 से जीती। बायें हाथ के तेज गेंदबाज बोल्ट ने चौथे वनडे मैच में घातक स्विंग गेंदबाजी की बदौलत 21 रन पर पांच विकेट चटकाकर न्यूजीलैंड की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्हें सात स्थान का फायदा हुआ है। 

बोल्ट जनवरी 2016 में गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर थे और अब उनके पास एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल करने का मौका है। अभी उनसे आगे सिर्फ बुमराह और अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान हैं। लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (एक स्थान के फायदे से पांचवें स्थान पर) और तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (छह स्थान के फायदे से 17वें स्थान पर) की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। 

 
कोहली की अगुआई वाली बल्लेबाजी रैंकिंग में केदार जाधव (आठ स्थान के फायदे से 35वें स्थान पर) को भी फायदा हुआ है। 

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों में क्विंटन डिकाक (एक स्थान के फायदे से आठवें), हाशिम अमला (तीन स्थान के फायदे से 13वें) और रीजा हेंड्रिक्स (36 स्थान के फायदे से 94वें) बल्लेबाजी रैंकिंग में आगे बढ़े हैं जबकि गेंदबाजी रैंकिंग में एंडिले फेहलुकवायो 13 स्थान के फायदे से 19वें स्थान पर पहुंच गए हैं। ड्वेन प्रिटोरियस 53वें से 44वें स्थान पर पहुंचे हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल