1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आईसीसी की योजना में अब भी है टी-20 विश्व कप का आयोजन लेकिन खिलाड़ी नहीं हैं आश्वस्त

आईसीसी की योजना में अब भी है टी-20 विश्व कप का आयोजन लेकिन खिलाड़ी नहीं हैं आश्वस्त

 Edited By: IANS
 Published : May 11, 2020 03:14 pm IST,  Updated : May 11, 2020 03:14 pm IST

आईसीसी के एक अधिकारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आईसीसी और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बीच पिछले सप्ताह कोई बैठक नहीं हुई है और इसे लेकर योजना जारी है।

International Cricket Council, ICC, T20 World Cup, T20 World Cup 2020, Cricket, Cricket News- India TV Hindi
T20 World Cup 2020 Image Source : GETTY IMAGES

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) आस्ट्रेलिया में इस साल अक्टूबर-नवंबर में होने वाले टी 20 विश्व कप के आयोजन को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब दे सकता है कि उसकी अब भी योजना है, लेकिन खिलाड़ी तय समय पर इसके आयोजन को लेकर आश्वस्त नहीं हैं। वैश्विक कोरोनावायरस महामारी के कारण दुनिया भर में क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियां ठप्प पड़ी हुईं हैं और टी 20 विश्व कप के आयोजन पर भी खतरे के बादल मंडरा रहे हैं।

आईसीसी के एक अधिकारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आईसीसी और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बीच पिछले सप्ताह कोई बैठक नहीं हुई है और इसे लेकर योजना जारी है।

अधिकारी ने कहा, "कोई बैठक (पिछले सप्ताह) नहीं हुई है और इसे लेकर कोई नई जानकारी (अपडेट) नहीं है। योजना जारी है।"

लेकिन पिछले कुछ महीने की स्थिति को देखते हुए क्रिकेटरों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए विश्व टी 20 को स्थगित करना पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें- इंग्लैंड दौर पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेल सकता है पाकिस्तान, 18 मई को होगा फैसला

ऑस्ट्रेलिया के ओपनर बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने हाल में कहा था कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए टी20 विश्व कप का आयोजन मुश्किल है।

वॉर्नर ने पिछले सप्ताह भारतीय ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा के साथ इंस्टाग्राम चैट में कहा था, "जैसी परिस्थितियां हैं उससे आईसीसी विश्व कप (टी20) का आयोजन होता नहीं दिख रहा है। हर किसी (16 टीमें) को एक साथ लाना काफी मुश्किल होगा।"

ऑस्ट्रेलिया की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान एरॉन फिंच कोरोना वायरस के कारण टी-20 विश्व कप के स्थगित होने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

फिंच ने सेन रेडियो से कहा था, "मुझे लगता है कि हमें मानसिक तौर पर इस बात के लिए तैयार हो जाना चाहिए कि टी-20 विश्व कप एक, दो या तीन महीने या जो भी अवधि हो, उतने के लिए स्थगित किया जा सकता है।"

यह भी पढ़ें- नुकसान की भरपाई के लिए दो टीम बनाकर बीसीसीआई कर सकता है क्रिकेट को बहाल

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज क्रिस लिन का मानना है कि इसी साल के अंत में अक्टूबर और नवंबर में होने वाला टी-20 विश्व कप कोरोनावायरस के कारण लॉजिस्टिक आधार पर मुमकिन नहीं हो पाएगा।

लिन ने फॉक्स स्पोटर्स से कहा, " जाहिर सी बात है कि हम दुआ कर रहे हैं कि यह हो, लेकिन हमें वो चीजें देखनी होंगी जो हमारे सामने हैं। बाकी टीमों का पूरा विश्व से यहां आना यह लॉजिस्टिक तौर पर भयावह होगा।"

उन्होंने कहा था, " होटलों, टीमें, टूर्नामेंट से पहले टीमों को होटल में रखना काफी मुश्किल काम होने वाला है।"

ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल ने कहा था कि खाली स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का आयोजन का कराया जा सकता है, लेकिन आगामी टी 20 विश्व कप का आयोजन दर्शकों के बिना नहीं कराया जा सकता।

मैक्सवेल ने एबीसी ग्रैंडस्टैंड से कहा था, "हमारे लिए स्टेडियम में दर्शकों के बिना विश्व कप के आयोजन को सही ठहराना मुश्किल होगा। इसलिए मुझे निकट भविष्य में इसके आयोजन की संभावना नहीं दिखती। हमें सभी के स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा।"

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल