लंदन: पाकिस्तानी क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान की तीसरी शादी की खबरें ज़ोरों पर है। कुछ पाकिस्तानी पत्रकार सोशल मीडिया के ज़रिए शादी लंदन में होने की बात बता रहे हैं। हालांकि इमरान खान या उनके परिवार की तरफ़ से इस बात की पुष्टि नहीं की गई है। ख़ुद खान ने कल कहा था कि शादी को लेकर वे संजीदा हैं।
अपुष्ट रिपोर्ट के मुताबिक इमरान की नई बीवी का नाम मरियम है जो बुशरा की बहन है। बुशरा इमरान खान की स्प्रिचुअल गाइड हैं। पाकिस्तान मीडिया की खबरों के मुताबिक मरियम भी तलाकशुदा हैं और उनके दो बच्चे हैं।
पाकिस्तान से आ रही जानकारी के मुताबिक़ इस बार इमरान खान की शादी के पीछे उनकी बहनों की इच्छा है। वे चाहती हैं कि इमरान एक बार फिर अपना घर बसा लें। इस ख़बर के बाद से पाकिस्तान में इमरान को लेकर मज़ाक़ का दौर भी चल पड़ा है। कामरान शाहिद नामक रिसर्च प्रोफ़ेसर ने अपने ट्विटर पर लिखा है कि इमरान ने शादी की हैट्रिक लगाई है। शादी लंदन में हुई।
इमरान की पहली पत्नी जेमिमा थीं। यह शादी 1995 में हुई थी और 2004 में दोनों के बीच तलाक़ हो गया था। इमरान और जेमिमा के दो बच्चे भी हैं।
हालांकि तहरीके इंसाफ के प्रवक्ता नईमुल हक ने इस खबर को मनगढ़ंत करार दिया है। उन्होंने कहा कि इमरान अपने बच्चों के साथ लंदन में छुट्टियां मना रहे हैं। बता दें कि इमरान ने साल भर पहले ही रेहाम से दूसरी शादी की थी, लेकिन उनकी ये शादी ज्यादा समय टिक नहीं पाई। क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान और 42 साल की टीवी पत्रकार रेहाम ने 30 अक्तूबर 2015 को अलग होने का फैसला किया था। इस बीच इस तरह की खबरें थी कि इमरान को राजनीति में रेहाम की दखलअंदाजी पसंद नहीं है।