1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सिर्फ ‘हैट्रिक’ तक ही नहीं बल्कि बेहतर गेंदबाज़ बनकर आईपीएल से निकलना चाहते है सैम कुरेन

सिर्फ ‘हैट्रिक’ तक ही नहीं बल्कि बेहतर गेंदबाज़ बनकर आईपीएल से निकलना चाहते है सैम कुरेन

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 08, 2019 04:53 pm IST,  Updated : Apr 08, 2019 04:53 pm IST

कुरेन पिछले साल भारत के खिलाफ एजबेस्टन में अपने दूसरे टेस्ट मैच में ही शानदार प्रदर्शन करके ‘मैन आफ द मैच’ बने थे।

सैम कुरेन- India TV Hindi
सैम कुरेन, किंग्स इलेवन पंजाब  Image Source : IPLT20.COM

नई दिल्ली| इंग्लैंड के युवा आलराउंडर सैम कुरेन अपनी खतरनाक इनस्विंगर के कारण पहले ही अपने परिचय के मोहताज़ बन चुके है। वही, वर्तमान में किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का साथ मिलने से इस 20 वर्षीय क्रिकेटर को लगता है कि अपने पहले आईपीएल के बाद वह और बेहतर खिलाड़ी बनकर उभरेंगे।

कुरेन पिछले साल भारत के खिलाफ एजबेस्टन में अपने दूसरे टेस्ट मैच में ही शानदार प्रदर्शन करके ‘मैन आफ द मैच’ बने थे। इसके बाद वह तेजी से आगे बढ़े हैं। किंग्स इलेवन पंजाब ने इस सत्र में उनकी सेवाएं लेने के लिये 7.2 करोड़ रूपये की मोटी धनराशि दी है और वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हैट्रिक लेकर इस विश्वास पर खरे भी उतरे।

कुरेन ने पीटीआई से कहा, ‘‘मेरा पहला आईपीएल अब तक बहुत अच्छा अनुभव रहा है। भारतीय परिस्थितियों में दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में खेलना। स्थापित नामों से काफी कुछ सीखने को मिल रहा है और यहां तक कि उन खिलाड़ियों से भी जिन्होंने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है।’’

आईपीएल में आने से पहले कुरेन ने इंग्लैंड टीम के अपने साथियों से लंबी बातचीत की थी। इससे पहले इस लीग में खेलने के दबाव और उम्मीदों का पता चल गया था। उन्हें पंजाब की टीम में कप्तान आर अश्विन और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल से बात करना काफी रास आता है लेकिन भारत के स्विंग विशेषज्ञ शमी से इन दिनों काफी कुछ सीख रहे हैं।

कुरेन ने कहा, ‘‘मैंने यहां आने से पहले इंग्लैंड में कुछ खिलाड़ियों से बात की और उनकी स्पष्ट राय थी कि यह टूर्नामेंट कितना अच्छा है और अब मैं खुद देख सकता हूं कि इसका स्तर काफी ऊंचा है।’’

जिम्बाब्वे के पूर्व आलराउंडर केविन कुरेन के पुत्र और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज टॉम कुरेन के छोटे भाई ने कहा, ‘‘मैं शमी का दिमाग पढ़ने की कोशिश करता हूं। निश्चित तौर पर वह बेहतरीन गेंदबाज है और मैं उससे काफी कुछ सीख रहा हूं। खासतौर पर भारतीय परिस्थितियों में गेंदबाजी करना और मुझे पूरा विश्वास है कि टूर्नामेंट के आखिर में मैं बेहतर गेंदबाज बन जाऊंगा।’’

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल