1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. INDvsAUS: कोहली क्यों हो रहे हैं फ़्लॉप, जानें सुनील गावस्‍कर से

INDvsAUS: कोहली क्यों हो रहे हैं फ़्लॉप, जानें सुनील गावस्‍कर से

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Mar 05, 2017 08:08 am IST,  Updated : Mar 05, 2017 08:08 am IST

नई दिल्ली: विश्व क्रिकेट में आज विराट कोहली का क़द विराट माना जाता है लेकिन ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ जारी टेस्ट सिरीज़ में तो मानों उनकी बैटिंग पर ग्रहण ही लग गया है। कोहली दो टेस्ट

Kohli, Gavaskar, Lyon- India TV Hindi
Kohli, Gavaskar, Lyon

नई दिल्ली: विश्व क्रिकेट में आज विराट कोहली का क़द विराट माना जाता है लेकिन ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ जारी टेस्ट सिरीज़ में तो मानों उनकी बैटिंग पर ग्रहण ही लग गया है। कोहली दो टेस्ट की तीन पारियों में अब तक सिर्फ़ 56 गेंद खेली हैं और तीन चौकों के सहारे महज़ 25 रन बना सके हैं। आपको बता दें इसके पहले विराट ने पिछले साल 75 से ज़्यादा के औसत से खेलते हुए धमाल मचाया था।

विराट को आउट करने वाले गेंदबाज़ नाथन लियोन भारत के ख़िलाफ़ में ऑस्ट्रेलिया के सबसे कामयाब गेंदबाज़ बन गए तो विराट कोहली सवालों के घेरे में आ गए। लोगों की ज़बान पर एक ही सवाल है कि आख़िर विराट को हो क्या गया है?  

एक न्यूज़ चैनल के साथ बातचीत में पूर्व कप्तान गावस्कर ने कोहली की ख़ामियां गिनवाईं हैं। उनका कहना है कि विराट कोहली विकटों के पास ज़्यादा मूव कर रहे हैं। ऐसा तब होता है जब खिलाड़ी तय नहीं कर पाता है कि क्या करना है और विराट जैसा बल्लेबाज़ ये कर रहा है जिसने पिछले साल 1200 से ज़्यादा रन बनाए हैं।

उन्होंने कहा कि कोहली लेग पर खेलने की कोशिश में ऑफ़ की तरफ ज़्यादा मूव करने लगे हैं जो टर्निंग ट्रैक पर सही रणनीति नही है। गावस्कर ने कहा कि कोहली बड़े बल्लेबाज़ हैं और वह इससे जल्द उबर जाएंगे।

यह पूछे जाने पर कि क्या वह जिस तरह भारतीय बल्लेबाज़ी स्पिनर नाथन लॉयन के सामने ढेर हो गई, उससे भौचक्के हैं, गावस्कर ने कहा कि भौचक्का नहीं लेकिन हैरान ज़रुर हूं क्योंकि ऑस्ट्रेलिया का अटैक बहुत अच्छा है। उसके पास एक तरफ जहां मिशल स्टार्क और हैज़लवुड जैसे सटीक फ़ास्ट बॉलर हैं वही नाथन लॉयन जैसा स्पिनर है जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख़ुद को पहले से ही साबित कर रखा है। 

गावस्कर ने कहा कि इसके बावजूद लॉयन कोई विशिष्ट बॉलर नही हैं बल्कि भारतीय बल्लेबाज़ों ने अपनी ख़ामियों की वजह से उन्हें अतिविशिष्ट बॉलर बना दिया।

भारत के ख़िलाफ़ 53 विकेट लेने वाले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज गेंदबाज़ ब्रेट ली का कहना है कि नाथन लियोन एक ठोस प्लान के साथ भारत आए हैं जिसकी वजह से उन्हें कामयाबी मिल रही है।  टेस्ट में नंबर 2, वनडे में नंबर 3 और टी20 में दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज़ विराट कोहली का लियोन की गेंद पर आसानी से घुटने टेकना न सिर्फ़ फैंस बल्कि सुनील गावस्कर जैसे दिग्गजों को भी हैरान कर रहा है। 55 टेस्ट में क़रीब 51 के औसत से खेलने वाले विराट कोहली अचानक ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ जूझते नज़र आ रहे हैं.

पुणे की दोनों पारियों में 15 से कम स्कोर बनाने वाले विराट बेंगलुर की पहली पारी में भी सिर्फ़ 12 रन ही बना सके। अब तक ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीनों ही पारियों में विराट जैसे बल्लेबाज़ ने गेंद को न समझने की भूल करते हुए विकेट गंवाया है। पिछले साल अपनी बल्लेबाज़ी से दुनियाभर के जानकारों की आंख का तारा बने विराट अचानक गेंदबाज़ों का आसान सा शिकार बनते दिख रहे हैं। 

नाथन लियोन उन्हें सबसे ज़्यादा 5 बार आउट करने वाले गेंदबाज़ बन गए हैं। इससे पहले इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन को भी उन्हें 5 बार आउट करने का गौरव हासिल रहा है। ऑस्ट्रेलिया के पीटर सिडल ने उन्हें 4 बार आउट किया है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल