राजकोट: न्यूजीलैंड ने शनिवार को सौराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में भारत को 40 रनों से हरा दिया। इसी के साथ किवी टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली। किवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 197 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। भारतीय टीम इसे हासिल नहीं कर पाई और पूरे ओवर खेलने के बाद सात विकेट के नुकसान पर 156 रन ही बना सकी। आइए, जानते हैं वे चार कारण जिसके चलते टीम इंडिया को यह मैच गंवाना पड़ा...
पहला कारण: टीम इंडिया के गेंदबाज न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर हावी नहीं हो सके। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने रन बनाने का क्रम तेजी से जारी रखा। अगर भारतीय गेंदबाज कुछ ओवरों के अंतराल पर न्यूजीलैंड के विकेट गिराते रहते तो न्यूजीलैंड पहाड़ सा स्कोर खड़ा करने में कामयाब नहीं हो पाता।
दूसरा कारण: भारत की शुरुआत खराब रही। उसने 11 के स्कोर पर ही शिखर धवन (1) और रोहित शर्मा (5) के विकेट खो दिए। पिछले मैच में रिकार्ड साझेदारी करने वाली जोड़ी बाउल्ट का शिकार होकर पवेलियन लौटी। छह के कुल स्कोर पर बाउल्ट ने धवन को बोल्ड किया और फिर पांच रन बाद रोहित को विकेट के पीछे ग्लेन फिलिप्स के हाथों कैच कराया। अगर शुरुआत अच्छी होती और लागातार विकेट नहीं गिरे होते तो टीम इंडिया मैच को रोमांचक स्थिति मोड़ तक ला सकती थी।
तीसरा कारण : भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर चहल ने मनरो का कैच छोड़ दिया। यदि तब भी मनरो आउट होते तो न्यूजीलैंड इतना बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाता। उस समय मनरो 39 गेंदों पर 79 रन बनाकर खेल रहे थे। इस तरह मनरो ने 4 जीवनदानों का भरपूर फायदा उठाते हुए सेंचुरी जड़ी और अपनी टीम को एक बड़ा स्कोर बनाने में मदद की।
चौथा कारण: न्यूजीलैंड की पारी के 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर मनरो ने मिडविकेट के ऊपर से उड़ाकर मारा। फील्डिंग कर रहे भुवनेश्वर कुमार ने कैच के लिए खुद को तैयार किया, लेकिन गेंद सीमारेखा के ऊपर से जाती हुई दिखी। भुवनेश्वर ने गेंद को हाथ से मैदान की तरफ धकेल दिया और इस तरह टीम के लिए 5 रन बचा लिए। हालांकि यदि भुवनेश्वर कोशिश करते तो यह कैच हो सकता था।