फैजाबाद: जितेंद्र सिंह तोमर के फर्जी डिग्री विवाद के बीच अवध विश्वविद्यालय में एक आरटीआई आवेदन देकर आम आदमी पार्टी(आप) के एक अन्य विधायक की शैक्षणिक योग्यता के बारे में जानकारी मांगी गयी है।
दिल्ली की मॉडल टाउन विधानसभा सीट से आप विधायक अखिलेश त्रिपाठी ने अपने नामांकन पत्र में लिखा है कि वह यहां के अवध विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर हैं और उन्होंने 2006 में बीए एवं 2008 में एमए किया।
दिल्ली के वकील विवेक गर्ग ने त्रिपाठी की शैक्षणिक योग्यता के बारे में जानकारी मांगी है।
अवध विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक एम ए अंसारी ने बताया कि विश्वविद्यालय को आरटीआई आवेदन प्राप्त हुआ है लेकिन आरटीआई आवेदन अधूरा है क्योंकि उसमें कॉलेज और क्रमांक नहीं लिखा है, अत: हमने विवेक गर्ग को पत्र लिखकर पूरा ब्यौरा देने को कहा है, केवल तभी विश्वविद्यालय सूचना दे सकता है।