नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच विश्व टी-20 क्रिकेट मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धर्मशाला में ही होगा। टूर्नामेंट के निदेशक एम वी श्रीधर ने यह जानकारी दी। श्रीधर ने गृह मंत्रालय में विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) एम के सिंघला और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कहा, मैच खेला जाएगा। राज्य और केंद्र सरकार भी संपर्क में हैं और सभी सुरक्षा व्यवस्था कर दी गयी हैं। पाकिस्तान 19 मार्च को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में भारत से भिड़ेगा। राज्य में इसका विरोध हो रहा है। इसमें भूतपूर्व सैनिक भी शामिल हैं।
श्रीधर ने हालांकि कहा कि गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बातचीत अब भी अधूरी रही है और कुछ मसले सुलझाने बाकी हैं। श्रीधर बीसीसीआई के क्रिकेट संचालन के महाप्रबंधक भी हैं। उनके साथ आईपीएल भ्रष्टाचार रोधी और सुरक्षा इकाई के प्रमुख तथा दिल्ली के पूर्व पुलिस आयुक्त नीरज कुमार और कुछ अन्य बीसीसीआई अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। हिमाचल प्रदेश सरकार का प्रतिनिधि भी बैठक में उपस्थित था। सिंगला ने कहा कि पाकिस्तान के एक आधिकारिक दल ने धर्मशाला का दौरा किया और इस पहाड़ी शहर के स्टेडियम और होटल में सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया। सिंगला ने कहा कि कांगड़ा जिला मजिस्ट्रेट और स्थानीय पुलिस महानिदेशक ने खिलाड़ियों और मैच स्थल की पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया है।
धर्मशाला के अलावा पाकिस्तान की टीम दो मैच, न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 मार्च को और आस्ट्रेलिया के खिलाफ 25 मार्च को पंजाब के मोहाली में खेलेगी। पाकिस्तानी टीम 16 मार्च को कोलकाता में भी एक मैच खेलेगी। पाकिस्तानी अधिकारियों का दल टूर्नामेंट के दौरान टीम के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कल भारत पहुंची थी। रिचर्डसन ने कहा , मैं आपको आश्वासन देता हूं कि बीसीसीआई और पीसीबी बात कर रहे हैं और आईसीसी दोनों के संपर्क में है। हम सुनिश्चित करते हैं कि यह टूर्नामेंट सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।
यह पूछने पर कि सुरक्षा कारणों से नाम वापिस लेने की दशा में आईसीसी क्या पाकिस्तान पर जुर्माना या प्रतिबंध लगाएगी, रिचर्डसन ने कहा, वे बहिष्कार नहीं करेंगे। यह स्थिति पैदा ही नहीं होगी और मैं अटकलबाजी में यकीन नहीं रखता। धर्मशाला के अलावा दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर होने वाले मैच पर भी अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं क्योंकि डीडीसीए स्थानीय प्रशासन से विभिन्न मंजूरियां नहीं ले सका है। दोनों मसलों के बारे में पूछने पर आईसीसी के सीईओ ने कहा, दोनों वेन्यू को लेकर अनिश्चितता और अटकलबाजी की स्थिति उन पहलुओं के कारण बनी है जो हमारे वश में नहीं है। हमें टूर्नामेंट से ठीक पहले इनसे निपटना पड़ रहा है जो अच्छा नहीं है लेकिन इन्हें अनदेखा नहीं कर सकते।
बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने उम्मीद जताई कि दोनों स्थानों पर टी20 मैच होंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य उच्च न्यायालय को शुक्रवार को बताया कि वह 19 मार्च को होने वाले मैच की सुरक्षा का इंतजाम करेगी। उन्होंने कहा, दोनों वेन्यू का ऐलान एक साल पहले किया गया था। आईसीसी या बीसीसीआई की कोई भूमिका नहीं है। राज्य सरकार ने उच्च न्यायालय को बताया कि वह सुरक्षा मुहैया करेगी। उन्होंने कहा, डीडीसीए में कल तक सभी औपचारिकताएं पूरी हो जाएगी और सारी समस्यायें सुलझ जाएंगी।