नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के साथ जारी 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। अब भारत की नजर 12 अगस्त से पाल्लेकेले में होने वाले तीसरे मैच को जीतकर लगातार 9 सीरीज जीतने की ऑस्ट्रेलियाई टीम के रिकॉर्ड की बराबरी पर है।
भारत ने रविवार को सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन श्रीलंका को एक पारी और 53 रनों से हराया। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में उसने 304 रनों से जीत हासिल की थी। भारत की पारी के अंतर से श्रीलंका के खिलाफ यह पहली जीत है। दूसरी ओर, श्रीलंका को साल 2000 के बाद घर में पारी के अंतर से पहली हार मिली है। 2000 में पाकिस्तान ने गॉल में उसे पारी और 163 रनों से हराया था। विराट कोहली पहले ऐसे भारतीय कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ उसके घर में 2 सीरीज जीती है।
भारत हर हाल में पाल्लेकेले में जीत चाहेगा क्योंकि वह साल 2005 से 2008 के बीच ऑस्ट्रेलिया द्वारा लगातार 9 सीरीज में जीत के रिकॉर्ड की बराबरी चाहेगा। भारत ने 2015 से अब तक लगातार 8 सीरीज जीती है। उसने इंग्लैंड की बराबरी की है, जिसने 1884 से 1992 के बीच लगातार 8 सीरीज जीती थी।