1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. राजकोट टेस्ट: इंग्लैंड के बड़े स्कोर के बाद भारत की ठोस शुरुआत

राजकोट टेस्ट: इंग्लैंड के बड़े स्कोर के बाद भारत की ठोस शुरुआत

 Written By: IANS
 Published : Nov 10, 2016 06:05 pm IST,  Updated : Nov 10, 2016 06:05 pm IST

इंग्लैंड ने अपनी शानदार बल्लेबाजी के चलते सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन गुरुवार को भारत के खिलाफ अपनी पहली पारी में सभी विकेट गंवाते हुए 537 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया है।

India Vs England | AP Photo- India TV Hindi
India Vs England | AP Photo

राजकोट: इंग्लैंड ने अपनी शानदार बल्लेबाजी के चलते सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन गुरुवार को भारत के खिलाफ अपनी पहली पारी में सभी विकेट गंवाते हुए 537 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया है। जवाब में भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 63 रन बना लिए हैं। मुरली विजय (25) और गौतम गंभीर (28) की भारतीय सलामी जोड़ी डटी हुई है।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

मजबूत स्कोर का सामना कर रही मेजबान टीम की सलामी जोड़ी ने पारी की बेहतरीन शुरुआत की है। दोनों ने संयम के साथ पारी का आगज किया और अभी तक डटे हुए हैं। गंभीर 68 गेंदों में 4 चौके लगा चुके हैं जबकि विजय ने अभी तक 70 गेंदों का सामना किया है और 4 चौके लगाए हैं। इंग्लैंड को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में जो रूट (124), मोइन अली (117) और बेन स्टोक्स (128) की शतकीय पारियों का योगदान रहा। यह इंग्लैंड का भारत में दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले उसने 1985 में चेन्नई में 7 विकेट के नुकसान पर 652 रन बनाए थे।

Ben Stokes | AP Photo
Ben Stokes | AP Photo

बेन स्टोक की शानदार पारी का अंत। (AP फोेटो)

इंग्लैंड ने पहले दिन के पहले सत्र में ही अपने 3 विकेट गंवा दिए थे लेकिन उसके बाद रूट और अली ने चौथे विकेट के लिए 179 रनों की साझेदारी कर न सिर्फ टीम को संभाला बल्कि दिन की समाप्ति तक मजबूत स्कोर में पहुंचा दिया था। हालांकि शतक पूरा करने के बाद रूट पहले दिन के तीसरे सत्र में ही पवेलियन लौट गए थे। दूसरे दिन अली ने स्टोक्स के साथ पारी को 311 रन पर 4 विकेट से आगे बढ़ाया। अली ने स्टोक्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की। विकेट पर जम चुके अली को मोहम्मद समी ने पवेलियन भेजा। अली ने अपनी पारी में 213 गेंदे खेलीं और 13 चौके लगाए।

Gautam Gambhir | AP Photo
Gautam Gambhir | AP Photo

​गौतम गंभीर। (AP फोेटो)

अली के जाने के बाद भी मेजबानों की परेशानी कम नहीं हुई थी। स्टोक्स ने जॉनी बेयर्सटो के साथ इंग्लैंड के विशाल स्कोर की कदम बढ़ाए और छठे विकेट के लिए 99 रन जोड़े। बेयर्सटो को शमी ने 442 के स्कोर पर अपना दूसरा शिकार बनाया। क्रिस वोक्स (4) और आदिल राशिद (5) जल्दी पवेलियन लौट गए। जफर अंसारी (32) ने स्टोक्स के साथ टीम का आंकड़ा 500 के पार पहुंचाया। 517 के कुल स्कोर पर उमेश यादव ने स्टोक्स को आउट पर भारत के राहत की सांस दी। उन्होंने 235 गेंदों में 13 चौके और 2 छक्के लगाए। अंसारी इंग्लैंड की तरफ से आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे।

Ben Stokes | AP Photo
Ben Stokes | AP Photo

गेंद को विकेट में लगने से रोकते हुए स्टोक्स।(AP फोेटो)

भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा ने सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किए। रविचन्द्रन अश्विन, उमेश और समी को 2-2 विकेट मिले। अमित मिश्रा को एक सफलता मिली। भारत के खिलाफ किसी टीम के बल्लेबाजों ने एक ही पारी में 2009 के बाद पहली बार तीन सेंचुरी लगाई हैं। इससे पहले यह कारनामा श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने अहमदाबाद के सरदार पटेल मोटेरा स्टेडियम में किया था।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल