कोलंबो: अंजिक्य रहाणे की संयमित शतकीय पारी से भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के चौथे दिन चाय के विश्राम तक आज यहां पांच विकेट पर 283 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 370 रन पर पहुंचायी। रहाणे ने 126 रन बनाये जो उनका चौथा टेस्ट शतक है। उन्होंने मुरली विजय 82 के साथ दूसरे विकेट के लिये 140 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी करने के बाद रोहित शर्मा 34 के साथ चौथे विकेट के लिये 85 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
चाय के विश्राम के समय स्टुअर्ट बिन्नी 17 और आर अश्विन तीन रन पर खेल रहे थे। श्रीलंका की तरफ से आफ स्पिनर तारिंदु कौशल : 118 रन देकर चार विकेट : ने अच्छा प्रदर्शन किया।
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने श्रीलंका दौरे में तीसरे नंबर की स्थिति को जटिल बना दिया था लेकिन रहाणे ने इस स्थान पर उतरकर शतक बनाया। उन्होंने अपने सभी चारों सैकड़े विदेशी सरजमीं पर लगाये हैं। इस युवा बल्लेबाज ने अपने मजबूत रक्षण और धैर्य का शानदार नजारा पेश किया। उनके परंपरागत ड्राइव, पुल और हवा में खेले गये कुछ शाट दर्शनीय थे।
भारत ने लंच तक तीन विकेट पर 179 रन बनाये थे। इसके बाद रहाणे और रोहित ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की ताकि भारत जल्दी पारी समाप्त घोषित कर सके लेकिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने भी उन्हें खुलकर नहीं खेलने दिया। रोहित ने क्रीज पर पांव जमाने में समय लगाया जिससे स्कोरिंग दर गिरकर तीन रन प्रति ओवर से भी कम हो गयी। लंच के बाद पहले घंटे के खेल में 42 रन बने।