1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. द्विपक्षीय श्रृंखला रद्द करने के लिए भारत हर्जाना दे: पीसीबी

द्विपक्षीय श्रृंखला रद्द करने के लिए भारत हर्जाना दे: पीसीबी

 Written By: IANS
 Published : Nov 10, 2016 07:35 am IST,  Updated : Nov 10, 2016 07:35 am IST

लाहौर: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की कार्यकारी समिति के चेयरमैन नजम सेठी ने बुधवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से भारत के साथ होने वाली द्विपक्षीय श्रृंखला रद्द होने

 Shehryar-Khan- India TV Hindi
Shehryar-Khan

लाहौर: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की कार्यकारी समिति के चेयरमैन नजम सेठी ने बुधवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से भारत के साथ होने वाली द्विपक्षीय श्रृंखला रद्द होने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए हर्जाने की मांग की है। बीसीसीआई और पीसीबी ने 2014 में एक समझौता किया था जिसमें 2015 से 2023 तक दोनों देशों के बीच छह द्विपक्षीय श्रृंखला खेलने की बात कही गई थी। 

लेकिन, दोनों देशों की सीमा पर लंबे समय से जारी तनाव के कारण उपजे राजनीतिक हालात के चलते यह श्रृंखला मुमकिन नहीं हो सकी।

बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने आईसीसी से हाल ही में भारत और पाकिस्तान को अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में एक ग्रुप में न रखने की बात कही थी। 

पाकिस्तानी अखबार द डॉन ने अपनी वेबसाइट पर सेठी के हवाले से लिखा है, "हमने बीसीसीआई और आईसीसी को साफ तौर पर यह बता दिया है कि या तो भारत हमारे साथ श्रृंखला खेले यहा फिर हमें हर्जाना दे।"

उन्होंने कहा, "हमने आईसीसी से भी हर्जाना मांगा है क्योंकि पीसीबी को बीसीसीआई की वादाखिलाफी के कारण आर्थिक तौर पर नुकसान उठाना पड़ा है।"

बीसीसीआई ने पिछले साल दिसंबर में पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका में सीमित ओवरों की श्रृंखला खेलने पर अपनी सहमति दे दी थी और भारत सरकार से इजाजत मांगी थी। 

लेकिन, भारत सरकार ने अपनी मंजूरी नहीं दी जिसके कारण श्रृंखला रद्द कर दी गई थी। 

भारत ने 2008 में मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के बाद से ही पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय टेस्ट श्रृंखला नहीं खेली है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।