कानपुर: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 11 अक्टूबर को ग्रीन पार्क पर होने वाले पहले एक दिवसीय मैच के लिये शुक्रवार रात दोनों टीमों के खिलाड़ी यहां पहुंचने पर पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया। दोनो टीमें शनिवार की सुबह ग्रीन पार्क में नेट अभ्यास करेंगी ।
खिलाडि़यों के होटल पहुंचने पर उस समय थोड़ी अफरातफरी मच गयी जब होटल के मालिक के परिजन और होटल के स्टाफ के कुछ सदस्य खिलाडि़यों के साथ फोटो खिंचवाने और उनका आटोग्राफ लेने के लिये उन के आसपास जमा हो गये जिससे दोनों टीमों के खिलाडि़यों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा ।
कल रात कोलकाता से खिलाड़ी, कोच एवं अन्य टीम स्टाफ के सदस्य लखनउ के अमौसीं हवाईअड्डे पहुंचे जहां से दोनों टीमों के खिलाड़ी लग्जरी बस से रात सवा नौ बजे होटल लैंड मार्क पहुंचे । होटल पहुंचने पर खिलाडि़यों का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया । पहले टीम इंडिया की बस से टीम के निदेशक रवि शास्त्री और फिर पूरी टीम उतरी। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सहित सभी खिलाडि़यों के माथे पर रोली चंदन का टीका और गुलाब का फूल देकर स्वागत किया गया । शास्त्री उस समय थोड़ा गुस्से में दिखे जब उनका सामान होटल के बाहर रखा रह गया और उसे कोई होटल के अंदर नहीं लेकर आया ।
दूसरी बस से दक्षिण अफ्रीका के टीम के खिलाड़ी उतरे जिसमें सबसे आगे हाशिम अमला थे और सबसे अंत में जेपी डुमिनी उतरे। दक्षिण अफ्रीका के अधिकतर खिलाडि़यों ने अपने माथे पर रोली चंदन का टीका लगवाने से इंकार कर दिया । वह बस गुलाब का फूल लेकर आगे बढ़े गये ।
लॉबी में उस समय थोड़ा अफरातफरी का माहौल बन गया जब होटल के ही स्टाफ के परिजन खिलाडि़यों के आटोग्राफ लेने दौड़ पड़े । स्वयं होटल के मालिक विकास मल्होत्रा अपने परिवार के साथ सभी खिलाडि़यों के साथ फोटो खिंचवाने में लगे रहे । होटल में हो रहे इस फोटो सेशन का कानपुर पुलिस के आला अधिकारी बस तमाशा देखते रहे।
होटल के आसपास पुलिस का कड़ा सुरक्षा पहरा है और किसी भी आम आदमी को होटल के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है । होटल में जो मेहमान पहले से टिके थे उन्हें होटल दो दिन पहले ही छोड़ने को कह दिया गया था क्योंकि बीसीसीआई ने होटल के सभी 100 कमरे पहले से ही बुक करा रखे थे। होटल में पहुंचे पत्रकारों को भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था से गुजरना पड़ा।