1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लाल गेंद की अपेक्षा पिंक बॉल करती है ज्यादा स्विंग- भारतीय कप्तान विराट कोहली

लाल गेंद की अपेक्षा पिंक बॉल करती है ज्यादा स्विंग- भारतीय कप्तान विराट कोहली

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 13, 2019 04:58 pm IST,  Updated : Nov 13, 2019 04:58 pm IST

गुलाबी गेंद से दूसरा टेस्ट ईडन गार्डन पर 22 नवंबर से खेला जाएगा जो भारत और बांग्लादेश दोनों के लिये दिन-रात का पहला टेस्ट होगा।

Virat Kohli- India TV Hindi
Virat Kohli Image Source : BCCI

इंदौर। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि गुलाबी गेंद लाल गेंद से ज्यादा स्विंग लेती है लेकिन यह देखना रोचक होगा कि पुरानी होने के बाद वह कैसी रहती है, खासकर जब ओस की भूमिका भी हो। 

गौरतलब है कि गुलाबी गेंद से दूसरा टेस्ट ईडन गार्डन पर 22 नवंबर से खेला जाएगा जो भारत और बांग्लादेश दोनों के लिये दिन-रात का पहला टेस्ट होगा। पहले टेस्ट से पूर्व हालांकि अधिकांश सवाल दूसरे टेस्ट को लेकर ही किए गए। 

कोहली ने कहा, ‘‘यह टेस्ट क्रिकेट में नया रोमांच है। मैने कल गुलाबी गेंद से खेला जो लाल गेंद की तुलना में ज्यादा स्विंग ले रही थी क्योंकि गेंद पर अतिरिक्त लेकर (पुताई का कोट) लगा था जो जल्दी घिसता नहीं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘ पिच अगर गेंदबाजों को अतिरिक्त मदद करेगी तो पूरे मैच में तेज गेंदबाजों की भूमिका रहेगी। मुझे नहीं पता कि ओस रहने पर और लेकर घिस जाने पर पुरानी गेंद कैसे बर्ताव करेगी। यह देखना रोचक होगा।’’ 

उन्होंने यह भी कहा कि गुलाबी गेंद के प्रभावी रहने के लिये जीवंत विकेट होना जरूरी है। उन्होंने कहा, ‘‘ गुलाबी गेंद से खेलने पर पिच का जीवंत होना भी जरूरी है।’’ भारतीय टीम ने दूधिया रोशनी में अभ्यास नहीं किया लेकिन नई गेंद के रंग से सामंजस्य बिठाने के लिये कुछ थ्रो-डाउन जरूर किए। कप्तान ने यह भी कहा कि दिन रात के टेस्ट को लेकर हाइप लाजमी है लेकिन फोकस फिलहाल पहले मैच पर ही होना चाहिए।"

कोहली ने कहा, ‘‘ टेस्ट क्रिकेट में आप ध्यान भटका नहीं सकते। एक सत्र या एक ओवर के लिये भी नहीं। फिलहाल हमारा पूरा फोकस कल से शुरू होने वाले मैच पर रहना चाहिये। उसके बाद गुलाबी गेंद पर फोकस करेंगे।’’ 

स्थायी टेस्ट केंद्रों के बारे में पूछने पर कोहली ने कहा कि वह चाहते हैं कि पारंपरिक प्रारूप के लिये एक ढांचा रहे। उन्होंने कहा, ‘‘ मैने ऐसा इसलिये कहा कि आप अनुपात देखिये। इंदौर जैसी जगह पर मैदान में भीड़ हो सकती है लेकिन दूसरी जगहों पर नहीं। ऐसा नहीं हो सकता कि मैच एक ही मैदान पर होते रहे, दूसरों पर नहीं।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल