इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में टीम इंडिया में सुरेश रैना को शामिल किया गया। रैना के लिए ये पल बेहद भावुक करने वाला था क्योंकि वो लगभग तीन साल के बाद वनडे टीम में वापसी कर रहे थे। रैना ने भारत के लिए आखिरी वनडे 25 अक्टूबर, 2015 को खेला था। लेकिन इसके बाद खराब फिटनेस के कारण रैना को टीम से बाहर कर दिया गया था। रैना यो-यो टेस्ट में फेल हो गए थे और जिस वजह से उन्हें भारतीय वनडे टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। हालांकि रैना ने हिम्मत नहीं हारी और टी20 में लगातार अच्छा खेला। इस दौरान रैना ने टी20 में अपने बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत लगातार वनडे टीम का दरवाजा खटखटाते रहे।
Related Stories
हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में पहले रैना को चुना नहीं गया था और अंबाती रायडू को शामिल किया गया था। लेकिन रायडू यो-यो टेस्ट पास नहीं कर पाए और इस कारण चयनकर्ताओं ने रैना के अनुभव को देखते हुए उन्हें वनडे टीम में जगह दे दी।
साबित हो सकता है आखिरी मौका: रैना के लिए ये मौका आखिरी भी साबित हो सकता है। क्योंकि अगर रैना फ्लॉप होते हैं तो फिर दिनेश कार्तिक, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे जैसे खिलाड़ी बाहर बैठे हैं और टीम में हर जगह के लिए बेहद कड़ा कॉम्पटीशन है। ऐसे में अगर रैना फ्लॉप होते हैं तो उनके लिए ये मौका आखिरी हो सकता है।
इंग्लैंड के खिलाफ रहा है अच्छा प्रदर्शन: रैना का इंग्लैंड के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। रैना ने इंग्लैंड के खिलाफ 35 मैचों में 42.96 के औसत से 1,160 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 11 अर्धशतक भी निकले हैं। साफ है कि रैना को वनडे में वापसी के लिए इससे अच्छी टीम नहीं मिल सकती थी।