1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जीत के बाद विराट कोहली ने बांधे मोदम्मद शमी की तारीफों के पुल

जीत के बाद विराट कोहली ने बांधे मोदम्मद शमी की तारीफों के पुल

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Jan 23, 2019 04:41 pm IST,  Updated : Jan 23, 2019 04:48 pm IST

मोहम्मद शमी को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 19 रन देकर तीन विकेट झटकने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया जिससे वो 100 वनडे विकेट झटकने वाला सबसे तेज भारतीय बन गए।

Mohammed Shami- India TV Hindi
Mohammed Shami Image Source : GETTY IMAGES

कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि चोटों से जूझने वाला ये गेंदबाज इस समय फिटनेस के मामले में सर्वश्रेष्ठ स्तर पर है। शमी को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 19 रन देकर तीन विकेट झटकने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया जिससे वो 100 वनडे विकेट झटकने वाला सबसे तेज भारतीय बन गए। हालांकि ऐसा भी दौर रहा जिसमें वो पिछले साल ‘यो-यो’ टेस्ट में फेल हो गए थे। और कुछ निजी मुद्दों में फंसे थे। लेकिन शमी ने इन सब को पीछे छोड़ते हुए अपने 56वें मैच में 100 विकेट झटके। बुधवार को उन्होंने छह ओवर गेंदबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल और कॉलिन मुनरो के विकेट चटकाए।

कोहली ने मैच के बाद कहा, ‘‘तेज गेंदबाजी समूह का मानना है कि वो किसी भी टीम को पस्त कर सकते हैं। उन्हें (शमी) को खुद की काबिलियत और अपनी फिटनेस पर भरोसा है, मैंने अपने करियर में उन्हें इससे ज्यादा फिट नहीं देखा। उन्होंने टेस्ट फॉर्म को वनडे क्रिकेट में भी जारी रखा।’’ चोटों के अलावा 27 साल के इस गेंदबाज को पिछले साल अपनी पत्नी के घरेलू हिंसा के आरोपों का भी सामना करना पड़ा था। वो पिछले साल जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से पहले ‘यो-यो’ फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए थे।

शमी की वापसी की शुरूआत ऑस्ट्रेलिया से हुई जिसमें उन्होंने टेस्ट सीरीज के दौरान 16 विकेट चटकाए। कोहली ने यहां बुधवार को भारत को मिली आठ विकेट की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वो टीम के ऑलराउंड प्रयास से खुश थे। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले कुछ मैचों में ये हमारे संतुलित प्रदर्शन में से एक था। जब मैंने टॉस गंवाया तो मुझे लगा कि स्कोर 300 रन से ज्यादा जायेगा लेकिन इस विकेट पर 150 के करीब रन शानदार रहे।’’ 

भारत के लिए कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 10 ओवर में 39 रन देकर चार विकेट झटके जबकि युजवेंद्र चहल और केदार जाधव ने मिलकर तीन विकेट हासिल किए। कोहली ने कहा, ‘‘पारी के दूसरे हाफ में पिच धीमी हो गई थी लेकिन पहले हाफ में स्पिनरों ने अच्छी गेंदबाजी की।’’ 

कप्तान ने सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की भी तारीफ की जिन्होंने 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद 75 रन बनाए। 

वहीं न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा कि उनकी टीम का ये सर्वश्रेष्ठ प्रयास नहीं था। उन्होंने कहा, ‘‘ये हमारा सर्वश्रेष्ठ प्रयास नहीं था। हमने भारत के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की थी लेकिन वो बहुत ही बेहतरीन थे। सभी भारतीय गेंदबाजों ने योगदान दिया लेकिन हमें बेहतर होने की जरूतर है।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल