1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सेंट लूसिया टेस्ट : भारत को जीत के लिए चाहिए 7 विकेट

सेंट लूसिया टेस्ट : भारत को जीत के लिए चाहिए 7 विकेट

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Aug 13, 2016 08:09 pm IST,  Updated : Aug 13, 2016 11:52 pm IST

भारतीय क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के तीसरे मैच में जीत हासिल करने के लिए सात विकेट की दरकार है।

Team India
- India TV Hindi
Team India Image Source : PTI

सेंट लूसिया: भारतीय क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के तीसरे मैच में जीत हासिल करने के लिए सात विकेट की दरकार है। मेजबान टीम ने आखिरी दिन शनिवार को भोजनकाल तक अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 53 रन बना लिए हैं। वह अभी भारत से 293 रन पीछे है। डारेन ब्रावो 26 और रोस्टन चेस 10 रनों पर नाबाद हैं।

वेस्टइंडीज की पहली पारी महज 225 रनों पर ही सिमट गई थी। भारत ने अपनी दूसरी पारी पांचवें दिन भोजनकाल से पहले सात विकेट पर 217 रनों पर घोषित कर दी। जिसके बाद मेजबान टीम को 346 रनों का लक्ष्य मिला। अपने चौथे दिन (शुक्रवार) के स्कोर 157 रनों पर तीन विकेट से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम की दिन की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय टीम के स्कोर में अभी एक भी रन नहीं जुड़ था कि कल के नाबाद बल्लेबाज रोहित शर्मा (41) एक गेंद बाद मिग्युएल कमिंस का शिकार हो गए।

पहली पारी में शतक जमाने वाले बल्लेबाज रिद्धीमान साहा (14)ने इसके बाद अजिंक्य रहाणे (नाबाद 78) का साथ दिया और स्कोर 181 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर साहा कमिंस की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। दूसरे छोर पर रहाणे टिके हुए थे और लगातार रन बनाते जा रहे थे। उन्हें वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को खेलने में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं आ रही थी। साहा के बाद रहाणे ने रविन्द्र जडेजा (16) के साथ 32 रनों की साझेदारी की और स्कोर 213 तक पहुंचाया। जडेजा को भी कमिंस ने पवेलियन भेजा।

रविचन्द्रन अश्विन (नाबाद 1) ने रहाणे के साथ मिलकर स्कोर बोर्ड में चार रन ही जोड़े थे कि भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पारी घोषित कर दी। रहाणे ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 116 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके लगाए। 346 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मोहम्मद समी ने लियोन जॉनसन (0) को रोहित के हाथों कैच करा टीम को पहली सफलता दिलाई। जॉनसन जब आउट हुए तब टीम का स्कोर चार रन था। तीन गेंद बाद भुवनेश्वर कुमार ने दूसरे सलामी बल्लेबाज क्रेग ब्राथवेट (4) को इसी स्कोर पर पगबाधा कर मेजबानों को दूसरा झटका दिया।

मार्लन सैमुएल्स (12) को देखकर लग रहा था कि वह टीम को संभाल लेंगे लेकिन 35 के कुल योग पर ईशांत शर्मा ने उन्हें भी पवेलियन का रास्ता दिखा वेस्टइंडीज को परेशनी में डाल दिया। इसके बाद चेस ने ब्रावो के साथ मोर्चा संभाला और भोजनकाल तक चौथा विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों के बीच 21 रनों की साझेदारी हो चुकी है। वेस्टइंडीज को जीत के लिए अभी भी 290 रनों की जरूरत है जबिक भारत को श्रृंखला में दूसरी जीत के लिए सात विकेट की दरकार है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।