1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. चेन्नई टेस्ट: भारत ने दी इंग्लैंड को करारी मात, पारी और 75 रन से हराया

चेन्नई टेस्ट: भारत ने दी इंग्लैंड को करारी मात, पारी और 75 रन से हराया

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 20, 2016 04:08 pm IST,  Updated : Dec 20, 2016 04:18 pm IST

चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए पांचवें टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पारी और 75 रनों से हराकर टेस्ट सीरीज पर 4-0 से कब्जा कर लिया है।

cricket- India TV Hindi
cricket Image Source : PTI

चेन्नई: चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए पांचवें टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पारी और 75 रनों से हराकर टेस्ट सीरीज पर 4-0 से कब्जा कर लिया है। इंग्लैंड की दूसरी पारी 207 रनों पर सिमट गई। टीम इंडिया की ओर से रविंद्र जडेजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। 

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

दिन के पहले सत्र में भारतीय गेंदबाज एक भी विकेट नहीं ले पाए थे और इंग्लैंड ने इस सत्र में 85 रन जोड़े। लग रहा था कि इंग्लैंड आसानी से मैच ड्रॉ करा लेगा। भोजनकाल तक 97 रन बनाने वाली इंग्लैंड को दूसरे सत्र में अपने खाते में छह रन ही जोड़ पाई थी तभी जडेजा ने कप्तान एलिस्टर कुक (49) को एक और बार अपना शिकार बनाया। कुक छह बार जडेजा का शिकार हो चुके हैं। जडेजा किसी एक सीरीज में कुक को सबसे अधिक बार आउट करने वाले गेंदबाज बन गए हैं। 

जडेजा ने 110 रनों के कुल स्कोर पर केटान जेनिंग्स (54) को भी अपना शिकार बना इंग्लैंड को एक और झटका दिया। जडेजा ने जोए रूट (6) को पगबाधा आउट कर इंग्लैंड की पेरशानी को और बढ़ा दिया। रूट 126 के कुल स्कोर पर आउट हुए। तीन रन बाद ईशांत ने जॉनी बेयर्सटो को जडेजा के हाथों कैच करा अपनी टीम को चौथी सफलता दिलाई।

इंग्लैंड ने पहली पारी में मोइन (146), जोए रूट (88), जॉनी बेयरस्टो (49), डॉसन (नाबाद 66) और राशिद (60) की बदौलत 477 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में भारत ने लोकेश राहुल (199) के बाद करुण नायर (नाबाद 303) की रिकॉर्ड पारियों की बदौलत पांच विकेट पर 759 रनों का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा कर पहली पारी घोषित कर दी।

भारत ने जहां टेस्ट इतिहास में एक पारी में सर्वोच्च स्कोर का कीर्तिमान बनाया, वहीं इंग्लैंड के खिलाफ भी यह किसी भी टीम द्वारा खड़ा किया गया सर्वोच्च स्कोर रहा। भारत के लिए राहुल और नायर के अलावा पार्थिव पटेल (71), रविचंद्रन अश्विन (67) और रवींद्र जडेजा (51) ने उपयोगी पारियां खेलीं। 

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल