मीरपुर: ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले गए एशिया कप टी-20 के फाइनल मैच में 13वां ओवर काफी रोमांचक रहा। कैप्टन कूल धोनी ने एक बार फिर से मैच फिनिशर पारी खेलकर टीम इंडिया को जीत दिला दी। उन्होंने 6 गेंदों में 20 रन बनाए। इस पारी में 2 छक्के और 1 चौका शामिल है। गौरतलब है कि टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था।
आपको बता दें कि एशिया कप के अहम मैच में बारिश ने खलल डाला जिसके कारण एक स्थिति यह भी बन रही थी कि दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाए लेकिन बारिश के रुकने का इंजतार किया गया। बारिश रुकने के बाद पिच को सुखाने की कोशिश में और फिर अंपायरों ने फैसला किया कि मैच शुरू किया जा सकता है। हालांकि 20 ओवर के मैच को 15-15 ओवर तक सीमित कर दिया गया।
बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने 120 रन बनाकर भारत को 121 रनों का लक्ष्य दिया था। जिसे उसने शिखर धवन (60) और विराट कोहली (नाबाद 41) की शानदार पारियों की मदद से 13.5 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 20 रनों पर नाबाद लौटे। धोनी ने ये रन 6 गेंदों पर बनाए। उनकी पारी में एक चौका और दो छक्के शामिल हैं।