इंदौर: चेतेश्वर पुजारा के नाबाद 101 रन की मदद से भारत ने सिरीज़ के तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के चौथे दिन लंच के बाद 216 पर पारी घोषित कर दी और इस तरह न्यूज़ीलैंड के सामने 475 का विशाल लक्ष्य रख दिया है। भारत ने लंच के बाद कप्तान कोहली का विकेट खोया जिन्होंने 17 रन बनाए।
पुजारा ने लंच के बाद 50 के अपने निजी स्कोर के आगे खेलना शुरु किया और आते ही शॉट लगाने लगे। उन्होंने 148 बॉल पर 101 रन बनाए जिसमें 9 चौक्के शामिल हैं। ये पुजारा का 11वां शतक है और इस सिरीज़ में उन्होंने तीन अर्ध शतक भी लगाए हैं।
इसके पहले भारत ने आज सुबह कल के स्कोर 18 से आगे अपनी दूसरी पारी की शरुआत की। उम्मीद थी कि भारत आज तेज़ी से रन बनाकर न्यूज़ीलैंड को जल्द से जल्द बैटिंग करने का मौक़ा दे सके लेकिन 34 के स्कोर पर मुरली रन आउट हो गए. इसके बाद गंभीर आए जो कल चोट की वजह से रिटायर हो गए थे।
गंभीर ने आते ही अपने इरादे साफ कर दिए और आक्रामक शॉट खेलने लगे। उन्होंने वनडे की स्टाइल में बल्लेबाज़ी करते हुए 56 गेंदों पर अर्ध शतक पूरा कर लिया। लेकिन अर्ध शतक लगाते ही वह जीतन की बॉल पर लंबा शॉट लगाने के चक्कर में कैच आउट हो गए। 50 रन की पारी में उन्होंने छह चौक्के लगाए। गंभीर दो साल बाद टीम में लौटे हैं वो भी राहुल और धवन के घायल होने की वजह से। गंभीर ने पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी निभाई।
लंबे अंतराल के बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी करते हुए गंभीर ने 54 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।