1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: OMG! एक ही दिन में दो-दो हैट्रिक्स वाह...

IPL 2017: OMG! एक ही दिन में दो-दो हैट्रिक्स वाह...

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 14, 2017 10:49 pm IST,  Updated : Apr 14, 2017 10:49 pm IST

नौ साल से खेले जा रहे टी20 टूर्नामेंट IPL में कई शानदार रिकॉर्ड बने हैं और कई रिकॉर्ड टूटे लेकिन एक ही दिन में दो-दो हैट्रिक पहले कभी नहीं देखी गईं लेकिन ये अजूबा आज देखने को मिला।

Badree,-Tye- India TV Hindi
Badree,-Tye

नई दिल्ली: नौ साल से खेले जा रहे टी20 टूर्नामेंट IPL में कई शानदार रिकॉर्ड बने हैं और कई रिकॉर्ड टूटे लेकिन एक ही दिन में दो-दो हैट्रिक पहले कभी नहीं देखी गईं लेकिन ये अजूबा आज देखने को मिला। दिन के पहले मैच में जहां वेस्टइंडीज के सैमुअल बद्री ने बैंगलोर के लिए मुंबई के ख़िलाफ़ हैट्रिक ली वहीं कुछ देर बाद ही दूसरे मुकाबले में गुजरात लायंस के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एंड्रयू टाइ ने भी ये कमाल कर दिया।

वेस्ट इंडीज़ के बद्री ने जहां सीज़न की पहली हैट्रिक ली वहीं दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया के 30 वर्षीय टाइ ने ये कमाल पारी के अंतिम ओवर में किया। उन्होंने 20वें ओवर की पहली गेंद पर अंकित शर्मा (25) को मैकुलम के हाथों कैच आउट कराया। उसके बाद दूसरी गेंद पर उन्होंने मनोज तिवारी (31) को इशान किशन के हाथों कैच आउट कराया जबकि तीसरी गेंद पर टाइ ने शरदुल ठाकुर को बोल्ड कर दिया। 

दिलचस्प बात ये है कि दोनों हैट्रिक में समानता दिखी। ठीक टाइ की ही तरह बद्री के पहले दोनों विकेट कैच के जरिए मिले थे जबकि उनका भी तीसरा शिकार बोल्ड ही हुआ था। बद्री ने पार्थिव पटेल और मैक्लेंघन को कैच आउट कराया था जबकि तीसरी गेंद पर रोहित शर्मा को बोल्ड किया था।

एंड्रयू टाइ ऑस्ट्रेलियाई मध्यम तेज़ गति के दाएं हाथ के गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सिर्फ 5 टी20 मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 5 विकेट दर्ज हैं। वहीं, ट्वंटी20 क्रिकेट के सभी रूपों में वो 51 मैच खेलते हुए 62 विकेट ले चुके हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम 8 मैचों में 22 विकेट दर्ज हैं।

शुक्रवार को बद्री द्वारा आइपीएल में ली गई सीजन-10 की पहली हैट्रिक इस टूर्नामेंट के इतिहास की 15वीं हैट्रिक साबित हुई जबकि दूसरे मैच में टाइ की हैट्रिक आइपीएल की 16वीं हैट्रिक बनी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल