1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: डिविलियर्स की तूफ़ानी पारी, बैंग्लोर ने खड़ा किया 148 का स्कोर

IPL 2017: डिविलियर्स की तूफ़ानी पारी, बैंग्लोर ने खड़ा किया 148 का स्कोर

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 10, 2017 10:01 pm IST,  Updated : Apr 10, 2017 10:01 pm IST

एबी डिविलियर्स (नाबाद 89) की तूफानी पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंग्लोर ने सोमवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण के आठवें मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के सामने 149 रनों का लक्ष्य रखा है।

Ab de Villiers- India TV Hindi
Ab de Villiers

इंदौर: एबी डिविलियर्स (नाबाद 89) की तूफानी पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंग्लोर ने सोमवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण के आठवें मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के सामने 149 रनों का लक्ष्य रखा है। डिविलियर्स ने एक समय सस्ते में निपटती नजर आ रही बैंग्लोर के लिए आखिरी पांच ओवरों में 77 रन जोड़ते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

डिविलियर्स को क्रिस गेल की जगह टीम में शामिल किया गया है। यह आईपीएल-10 में उनका पहला मैच है।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बैंग्लोर की शुरुआत बेहद खराब रही। शेन वाटसन (1), विष्णु विनोद (7) और केदार जाधव (1) पांचवें ओवर तक 22 के कुल योग पर पवेलियन लौट चुके थे और टीम बेहद दबाव में आ गई। पंजाब के गेंदबाजों ने इसके बाद बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए बैंग्लोर के रनों की गति पर जैसे विराम सा लगा दिया।

बैंग्लोर ने एक समय 15 ओवरों में चार विकेट पर मात्र 71 रन बनाए थे। इस बीच मंदीप सिंह (28) ने डिविलियर्स का साथ देने की भरपूर कोशिश की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी भी की, लेकिन यह साझेदारी 5.63 के बेहद धीमे औसत से हुई।

16वें ओवर की समाप्ति तक 30 गेंदों में 38 रन बनाकर खेल रहे डिविलियर्स ने बल्ले का गियर बदला और छक्कों की झड़ी लगा दी। डिविलियर्स ने इसके बाद खेली गई 16 गेंदों में सात छक्के और एक चौके की मदद से 51 रन जोड़ डाले।

डिविलियर्स ने कुल 46 गेंदों का सामना किया और तीन चौके तथा नौ छक्के लगाकर नाबाद लौटे। डिविलियर्स के साथ स्टुअर्ट बिन्नी ने नाबाद 18 रनों का योगदान दिया।

पंजाब के लिए अक्षर पटेल बेहद किफायती साबित हुए। अक्षर ने चार ओवरों के अपने कोटे में मात्र 12 रन दिए और एक विकेट हासिल किया। वरुण एरॉन को सर्वाधिक दो विकेट मिले। वरुण ने भी 5.25 के औसत से मात्र 21 रन दिए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल