1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: रैना, कार्तिक के अर्धशतकों से लायन्स का मजबूत स्कोर

IPL 2017: रैना, कार्तिक के अर्धशतकों से लायन्स का मजबूत स्कोर

 Written By: IANS
 Published : May 04, 2017 10:17 pm IST,  Updated : May 04, 2017 10:17 pm IST

कप्तान सुरेश रैना और दिनेश कार्तिक के बीच शतकीय साझेदारी की मदद से गुजरात लायन्स ने डेथ ओवरों की ढिलायी के बावजूद दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ आईपीएल दस के मैच में आज यहां सात विकेट पर 208 रन बनाये।

Raina- India TV Hindi
Raina

नयी दिल्ली: IPL में  कप्तान सुरेश रैना और दिनेश कार्तिक के बीच शतकीय साझेदारी की मदद से गुजरात लायन्स ने डेथ ओवरों की ढिलायी के बावजूद दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ आईपीएल दस के मैच में आज यहां सात विकेट पर 208 रन बनाये। 

रैना ने 43 गेंदों पर पांच चौकों और चार छक्कों की मदद से 77 रन जबकि कार्तिक ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और इतने ही छक्कों की बदौलत 65 रन बनाये। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 133 रन की साझेदारी की। दिल्ली ने आखिरी ओवरों में अच्छी वापसी की। उसने 14 से 19 ओवर तक पांच ओवरों में केवल 33 रन दिये। रविंद्र जडेजा (नाबाद 18) ने पारी की आखिरी दो गेंदों पर छक्का लगाकर स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। दिल्ली की तरफ से पैट कमिन्स और कैगिसो रबाडा ने दो-दो विकेट लिये। 

टास गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिये उतरे लायन्स ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज दस रन के अंदर गंवा दिये थे लेकिन इसके बाद रैना और कार्तिक ने लंबे शाट खेलने के अपने कौशल का जानदार नमूना पेश करके दिल्ली के आक्रमण को पूरी तरह से कुंद कर दिया था। दिल्ली को लचर क्षेत्ररक्षण का खामियाजा भी भुगतना पड़ा। रैना को ही दोे और 40 रन के निजी योग पर जीवनदान मिला। 

ब्रैंडन मैकुलम (एक) और ड्वेन स्मिथ (नौ) के दूसरे ओवर की पहली दो गेंदों पर पवेलियन लौटने के बावजूद रैना ने लंबे शाट खेलना नहीं छोड़ा। कैगिसो रबादा के इस ओवर में बायें हाथ के इस बल्लेबाज को श्रेयस अयर ने जबकि पावरप्ले के तुरंत बाद मोहम्मद शमी की गेंद पर मर्लोन सैमुअल्स ने उनके आसान कैच छोडे़ थे। इन दोनों कैच के बीच और इसके बाद की पारी में हालांकि रैना के करामाती शाट और कार्तिक का अपने कप्तान के अंदाज में बल्लेबाजी करने का दिलकश नजारा देखने को मिला।

रैना ने पावरप्ले में लगातार गेंदें हवा में लहरायी लेकिन ये सभी शाट खाली जगहों को ध्यान में रखकर लगाये गये थे। मोहम्मद शमी पर छक्का और दो चौके तथा रबाडा पर लगाया गया छक्का इसी का परिणाम थे। रैना के इस प्रयास से ही स्कोर पावरप्ले की समाप्ति पर दो विकेट पर 58 रन था। कार्तिक ने इसके बाद हाथ खोले। अमित मिश्रा के पहले ओवर में मिडविकेट पर लगाया गया उनका छक्का दर्शनीय था। 

रैना ने 32 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद सैमुअल्स पर मिडविकेट और गेंदबाज के सिर के उपर से दो दिलकश छक्के लगाकर डेयरडेविल्स के धुर प्रशंसक को भी तालियां बजाने के लिये मजबूर किया। रैना आखिर में रबाडा के शानदार थ्रो पर रन आउट होकर पवेलियन लौटे। 

कार्तिक इससे पहले अपने रंग में लौट चुके थे। शाहबाज नदीम और कोरे एंडरसन पर लगाये गये उनके करारे छक्के इसके सबूत थे। रैना के आउट होने के बाद उन्होंने शमी की गेंद छक्के के लिये लेकिन एंडरसन ने अपने बायें हाथ से बेहतरीन कैच लेकर उनकी पारी का अंत कर दिया। 

इसके बाद एकदम से पासा पलट गया और दिल्ली के गेंदबाजों की तूती बोलने लगी। क्षेत्ररक्षकों ने भी सुधरा प्रदर्शन किया। अयर और पंत ने जिस तरह से दौड़ लगाकर कैच लिये वह इसका सबूत था। इनमें आरोन फिंच का कैच भी शामिल था जिन्होंने 27 रन बनाये। एंडरसन का आखिरी ओवर महंगा साबित हुआ जिसमें 17 रन बने। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल