1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: हैदराबाद ने कोलकाता को 48 रनों से हराया, वॉर्नर रहे हीरो

IPL 2017: हैदराबाद ने कोलकाता को 48 रनों से हराया, वॉर्नर रहे हीरो

 Written By: IANS
 Published : May 01, 2017 01:30 pm IST,  Updated : May 01, 2017 01:30 pm IST

मौजूदा चैम्पियन सनराइजर्स हैदराबाद ने कप्तान डेविड वॉर्नर (126) की तूफानी पारी और अपने गेंदबाजों के संतुलित प्रदर्शन के दम पर IPL 10 के 37वें राउंड रोबिन लीग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को 48 रनों से हरा दिया।

David Warner | BCCI Photo- India TV Hindi
David Warner | BCCI Photo

हैदराबाद: मौजूदा चैम्पियन सनराइजर्स हैदराबाद ने कप्तान डेविड वॉर्नर (126) की तूफानी पारी और अपने गेंदबाजों के संतुलित प्रदर्शन के दम पर रविवार को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले IPL 10 के 37वें राउंड रोबिन लीग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को 48 रनों से हरा दिया। IPL के इस सीजन में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज वॉर्नर की तूफानी पारी से हैदराबाद ने कोलकाता के सामने जीत के लिए 210 रनों की चुनौती रखी लेकिन बड़े स्कोर के दबाव और बारिश के विघ्न के कारण कोलकाता की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 161 रन ही बना सकी।

कोलकाता की ओर से रॉबिन उथप्पा ने 53 और मनीष पांडे ने 39 रन बनाए। शेष कोई बल्लेबाज मौके की नजाकत को भांपते हुए बड़ी या फि तूफानी पारी नहीं खेल सका। हैदराबाद की ओर से भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज और सिद्धार्थ कौल ने अपने-अपने 4 ओवरों के कोटे में क्रमश: 29, 26 और 26 रन खर्च करते हुए 2-2 विकेट प्राप्त किए। कोलकाता इस सीजन में अब तक खेले गए 10 में से 7 मैच जीतकर 8 टीमों की तालिका में शीर्ष पर है, वहीं हैदराबाद कुल 10 मैचों में से 6 में फतह के साथ कुल 13 अंक लेकर तीसरे स्थान पर काबिज है। हैदराबाद का एक मैच रद्द भी हुआ है। दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने थीं। पिछले मैच में कोलकाता ने हैदराबाद को 17 रनों से हराया था लेकिन अब वॉर्नर सेना ने उस हार का हिसाब बराबर कर लिया है।

इससे पहले, टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी कर रही हैदराबाद की टीम ने वॉर्नर और शिखर धवन (29) के बीच पहले विकेट के लिए हुई 139 रनों की साझेदारी की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट पर 209 रन बनाए। वॉर्नर और धवन की साझेदारी 76 गेंदों का नतीजा रही। इसके अलावा केन विलियमसन ने 25 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 40 रन बनाए। यह हैदराबाद का IPL में अब तक का सबसे बड़ा योग है और साथ ही साथ यह कोलकाता के खिलाफ किसी भी टीम का IPL में सबसे बड़ा स्कोर है। धवन 30 गेंदों पर 2 चौके और एक छक्का लगाने के बाद 139 रनों के कुल योग पर रन आउट हुए। इसके बाद वॉर्नर ने केन के सथ दूसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़े। वॉर्नर 177 के कुल योग पर क्रिस वोक्स की गेंद पर कप्तान गौतम गम्भीर के हाथों कैच आउट हुए।

वॉर्नर ने अपनी तूफानी पारी के दौरान 20 गेंदों पर 50 और 43 गेंदों पर 100 रन पूरे किए। जब वह आउट हुए तब तक वह 59 गेंदों पर 10 चौके और 8 छक्के लगा चुके थे। वॉर्नर ने IPL इतिहास का चौथा सबसे तेज शतक लगाया। मैन ऑफ द मैच चुने गए वॉर्नर के आउट होने के बाद केन ने युवराज सिंह (6 नॉटआउट) के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 गेंदों पर 38 रन जोडे। केन पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट हुए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल