1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: डिविलियर्स के मेहनत बेकार, पंजाब ने बैंगलोर को 8 विकेट से हराया

IPL 2017: डिविलियर्स के मेहनत बेकार, पंजाब ने बैंगलोर को 8 विकेट से हराया

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 10, 2017 11:19 pm IST,  Updated : Apr 10, 2017 11:19 pm IST

किंग्स इलेवन पंजाब ने सोमवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण के आठवें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंग्लोर को आठ विकेट से हरा दिया।

Amla, Maxwell- India TV Hindi
Amla, Maxwell

इंदौर: किंग्स इलेवन पंजाब ने सोमवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण के आठवें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंग्लोर को आठ विकेट से हरा दिया। बैंग्लोर से मिले 149 रनों के औसत लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने हाशिम अमला (नाबाद 58) और कप्तान ग्लेन मैक्सवेल (नाबाद 43) की सधी हुई पारियों के दम पर 33 गेंद शेष रहते 150 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।

मनन वोहरा (34) ने अमला के साथ पंजाब को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। वोहरा का विकेट टाइमल मिल्स ने लिया।

वोहरा के अलावा पंजाब ने अक्षर पटेल (9) का विकेट गंवाया। अक्षर 78 के कुल योग पर पवेलियन लौटे। इसके बाद अमला और मैक्सवेल ने बिना किसी परेशानी के 72 रनों की नाबाद साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिलाई।

अमला-मैक्सवेल ने 11 से अधिक के औसत से यह रन बटोरे। आमला ने 58 रन के लिए 38 बॉलों का सामना किया और चार चौक्के और तीन छक्के लगाए।

इससे पहले, बैंगलोर ने अब्राहम डिविलियर्स (नाबाद 89) की तूफानी पारी की बदौलत चार विकेट पर 148 रन बनाए। बैंगलोर की शुरुआत बेहद खराब रही। 15 ओवरों तक वे सिर्फ 71 रन बना सके थे। हालांकि इसके बाद डिविलियर्स ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन रनों की गति बढ़ाने में डिविलियर्स ने देर कर दी और बैंगलोर चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में असफल रहा।

डिविलियर्स को क्रिस गेल की जगह टीम में शामिल किया गया था। यह आईपीएल-10 में उनका पहला मैच था।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बैंग्लोर की शुरुआत बेहद खराब रही। शेन वाटसन (1), विष्णु विनोद (7) और केदार जाधव (1) पांचवें ओवर तक 22 के कुल योग पर पवेलियन लौट चुके थे और टीम बेहद दबाव में आ गई। पंजाब के गेंदबाजों ने इसके बाद बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए बैंग्लोर के रनों की गति पर जैसे विराम सा लगा दिया।

बैंगलोर ने एक समय 15 ओवरों में चार विकेट पर मात्र 71 रन बनाए थे। इस बीच मंदीप सिंह (28) ने डिविलियर्स का साथ देने की भरपूर कोशिश की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी भी की, लेकिन यह साझेदारी 5.63 के बेहद धीमे औसत से हुई।

16वें ओवर की समाप्ति तक 30 गेंदों में 38 रन बनाकर खेल रहे डिविलियर्स ने बल्ले का गियर बदला और छक्कों की झड़ी लगा दी। डिविलियर्स ने इसके बाद खेली गई 16 गेंदों में सात छक्के और एक चौके की मदद से 51 रन जोड़ डाले।

डिविलियर्स ने कुल 46 गेंदों का सामना किया और तीन चौके तथा नौ छक्के लगाकर नाबाद लौटे। डिविलियर्स के साथ स्टुअर्ट बिन्नी ने नाबाद 18 रनों का योगदान दिया।

पंजाब के लिए अक्षर पटेल बेहद किफायती साबित हुए। अक्षर ने चार ओवरों के अपने कोटे में मात्र 12 रन दिए और एक विकेट हासिल किया। वरुण एरॉन को सर्वाधिक दो विकेट मिले। वरुण ने भी 5.25 के औसत से मात्र 21 रन दिए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल