बेंगलूरू: दो बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल के दूसरे क्वालीफायर में शुक्रवार को जब चिर प्रतिद्वंद्वी मुंबई इंडियंस से खेलेगी तो उसका इरादा लीग चरण में मिली दो हार का बदला चुकता करने का होगा। कल दोनों टीमें जब आमने सामने होंगी तो दाव पर फाइनल में मिलने वाली जगह होगी।
मुंबई को पहले क्वालीफायर में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने हराया था जबकि केकेआर ने सनराइजर्स हैदराबाद को डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर सात विकेट से मात दी थी। केकेआर का मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत हार का रिकार्ड 5-15 है। मुंबई ने इस साल टूर्नामेंट के लीग चरण में केकेआर को दोनों मैचों में हराया। मुंबई ने इस सत्र की पहली जीत केकेआर के खिलाफ ही दर्ज की थी जब पिछले महीने उसे एक गेंद बाकी रहते चार विकेट से हराया था। उस मैच में मुंबई को 24 गेंद में 60 रन चाहिये थे और हार्दिक पांड्या ने 11 गेंद में 29 रन बनाये थे। मुंबई ने उसे आखिरी लीग मैच में नौ रन से हराया।
मुंबई और केकेआर दोनों पिछले नौ सत्र में दो दो बार आईपीएल खिताब जीत चुके हैं। रविवार को हैदराबाद में होने वाले फाइनल में इनमें से किसी एक का सामना पुणे से होगा।
मुंबई के बल्लेबाजों ने इस सत्र में उम्दा प्रदर्शन किया है । लैंडल सिमंस और पार्थिव पटेल से उन्हें अच्छी शुरूआत मिली है । कप्तान रोहित शर्मा, अंबाती रायुडू और कीरोन पोलार्ड ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है।
इनके अलावा हार्दिक और कृणाल पांड्या ने भी जरूरत पड़ने पर उम्दा प्रदर्शन किया है।
लीग चरण में 10 जीत दर्ज करने वाली मुंबई की टीम शानदार फार्म में थी । अब वह पुणे से मिली हार को भुलाकर नये जोश के साथ उतरना चाहेगी। गेंदबाजी में उसके आक्रमण का आगाज लसिथ मलिंगा और न्यूजीलैंड के मिशेल मैक्लीनागन करेंगे। जसप्रीत बुमरा ने डैथ ओवरों में अच्छा प्रदर्शन किया है। उनके सामने केकेआर के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाना बड़ी चुनौती होगी क्योंकि शाहरूख खान की टीम में क्रिस लिन, गौतम गंभीर और राबिन उथप्पा जैसे बल्लेबाज हैं।
लिन ने सत्र की शुरूआत में शानदार प्रदर्शन किया था । वहीं सुनील नारायण से पारी की शुरूआत कराना भी केकेआर के लिये अच्छा फैसला साबित हुआ । गंभीर अभी तक 486 रन बना चुके हैं जबकि मनीष पांडे ने 396 रन बनाये हैं। गेंदबाजी में क्रिस वोक्स ने 17 और उमेश यादव ने 16 विकेट लिये हैं।
टीमें:
कोलकाता नाइट राइडर्स: गौतम गंभीर (कप्तान), डेरेन ब्रावो, ट्रेंट बोल्ट, पीयूष चावला, नाथन कूल्टर नाइल, कोलिन डे ग्रांडहोम, रिषि धवन, सायन घोष, शाकिब अल हसन, शेल्डन जैकसन, ईशांक जग्गी, कुलदीप यादव, क्रिस वोक्स , क्रिस लिन, सुनील नारायण , मनीष पांडे, युसूफ पठान, अंकित राजपूत, सूर्यकुमार यादव, राबिन उथप्पा, उमेश यादव।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमरा, जोस बटलर, श्रेयस गोपाल, कृष्णप्पा गोथाम, एसेला गुणरत्ने, हरभजन सिंह, मिशेल जानसन, कुलवंत के, सिद्धेश लाड, मिशेल मैक्लीनागन, लसिथ मलिंगा, हार्दिक पंड्या, कृणाल पंड्या, पार्थिव पटेल, कीरोन पोलार्ड, निकोलस पूरान, दीपक पुनिया, नीतिश राणा, अंबाती रायुडू, जितेश शर्मा, कर्ण शर्मा, लैंडल सिमंस, टिम साउदी, जगदीशा सुचित, सौरभ तिवारी, विनय कुमार ।