नई दिल्ली: गुजरात लायन्स के खिलाफ गुरुवार को फिरोजशाह कोटला मैदान में रिषभ पंत की गगनचुंबी बल्लेबाज़ी चर्चा का विषय बनी हुई है। पंत ने 43 गेंदों पर छह चौकों और नौ छक्कों की मदद से 97 रन बनाए जिसकी वजह से दिल्ली ने 209 का विशाल लक्ष्य 17.3 ओवर में ही हासिल कर लिया। (IPL 2017: जानें पुणे के स्टार राहुल त्रिपाठी के बारे में 10 अनजानी बातें )
दिल्ली की लचर फ़ील्डिंग के बाद जब गुजरात ने 208 का स्कोर खड़ा करदिया तो किसी को भी उम्मीद नहीं थी कि दिल्ली इस मैच में वापसी कर सकती है लेकिन जब पंत के बल्ले ने रनों की आग उगलनी शुरु की तो लगा मैच 15 ओवर में ही ख़त्म हो जाएगा। उनकी ये पारी देखकर क्रिकेट के गॉड माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने भी दांतो तले अंगुली दबा ली। सचिन ने मैच ख़त्म होते ही लिखा कि उनके लिए आईपीएल 10 के सभी मुकाबलों के सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक है रिषभ पंत की यह पारी। (IPL 2017: ये 5 हैं टीम इंडिया के उभरते हुए भावी खिलाड़ी)
सचिन ही नहीं सौरव गांगुली भी उनके कायल हो गए। उन्होंने लिखा रिषभ पंत और संजू सैमसन ने आज की रात कहर बरपाया। इन पर नजर रखिए. यह खास खिलाड़ी हैं।
महानायक अमिताभ ने कहा कि उफ़्फफफ.....रिषभ पंत ने क्या पारी खेली। पंत शतक से चूक गए इसका मलाल नहीं है। यह हमारे लिए शतक से बड़ी चीज है। पंत की इस शानदार पारी की बदौलत दिल्ली डेयरडेविल्स के प्लेआफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को पंख लग गए हैं। पंत ने 43 गेंदों पर छह चौकों और नौ छक्कों की मदद से 97 रन बनाये जबकि सैमसन ने 31 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली जिसमें सात छक्के शामिल हैं।