1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: पंजाब ने बेंगलौर को हराकर ज़िंदा रखी प्लेऑफ की उम्मीद

IPL 2017: पंजाब ने बेंगलौर को हराकर ज़िंदा रखी प्लेऑफ की उम्मीद

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : May 05, 2017 11:43 pm IST,  Updated : May 05, 2017 11:43 pm IST

पंजाब ने आज यहां बेंगलौर को 19 रन से हरा दिया। बेंगलौर को जीत के लिए 139 रन बनाते थे लेकिन उसकी पूरी टीम 119 पर सिमट गई। बेंगलौर के लिए मनदीप ने सर्वाधिक 46 रन बनाए जबकि पंजाब के लिए संदीप और अक्षर पटेल ने तीन-तीन विकेट लिए।

Sandeep Sharma- India TV Hindi
Sandeep Sharma

बेंगलौर: पंजाब ने आज यहां बेंगलौर को 19 रन से हरा दिया। बेंगलौर को जीत के लिए 139 रन बनाते थे लेकिन उसकी पूरी टीम 119 पर सिमट गई। बेंगलौर के लिए मनदीप ने सर्वाधिक 46 रन बनाए जबकि पंजाब के लिए संदीप और अक्षर पटेल ने तीन-तीन विकेट लिए। इस जीत के साथ ही पंजाब की IPL प्ले ऑफ की उम्मीदों जिंदा हो गईं।

 बेंगलोर ने अपने 12वें मैच में शानदार गेंदबाजी के दम पर पंजाब को 138 रनों पर सीमित कर दिया लेकिन उसके कद्दावर बल्लेबाज इस स्कोर को भी नहीं हासिल कर सके। मंदीप सिंह ने सबसे अधिक 46 रन बनाए जबकि शेष बल्लेबाजों से शेष रन भी नहीं बन सका।

बेंगलोर की टीम तमाम प्रयासों के बाद भी 19 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 119 रन ही बना सकी। इस तरह उसे 19 रनों से शिकस्त खानी पड़ी। 

पंजाब की ओर से अक्षर पटेल और संदीप शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि कप्तान ग्लेन मैक्सवेल और मोहित शर्मा को दो-दो सफलता मिली। यह बेंगलोर की 12 मैचों में नौवीं हार है।

मंदीप ने 40 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्के लगाए। उनके, अब्राहम डिविलियर्स (10) और पवन नेगी (21) के अलावा कोई और बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच सका। 

संदीप शर्मा ने आईपीएल इतिहास में पहली बार क्रिस गेल, डिविलियर्स और विराट कोहली को एक साथ आउट करने का कारनामा किया।

इससे पहले, बेंगलोर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए पंजाब को निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 138 रनों से आगे नहीं जाने दिया। 

अनिकेत चौधरी ने पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर हाशिम अमला (1) को विकेट के पीछे केदार जाधव के हाथों कैच कराया। अमला के खिलाफ कैच की अपील किसी ने नहीं की थी बावजूद इसके अमला ने खेल भावना का परिचय देते हुए अपने पैर पवेलियन की तरफ बढ़ा दिए। 

मार्टिन गुप्टिल (9) को श्रीनाथ अरविंद ने अपना शिकार बनाया। अच्छी लय में दिख रहे शॉर्न मार्श (20) पवन नेगी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में मंदीप सिंह के हाथों लपके गए। 

यहां से मनन वोहरा (25) और रिद्धिमान साहा (21) ने टीम को संकट की स्थिति से बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन यह साझेदारी ज्यादा आगे जा पाती इससे पहले ही युजवेंद्र चहल ने मनन को पवेलियन भेज दिया। 

कप्तान ग्लैन मैक्सवेल सिर्फ छह रन का ही योगदान दे पाए और चहल का शिकार हो कर पवेलियन लौट गए। साहा और अक्षर पटेल ने छठे विकेट के लिए 34 रन जोड़ते हुए पंजाब का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। वाटसन ने साहा को 112 के कुल स्कोर पर बोल्ड कर इस साझेदारी को भी पनपने नहीं दिया। मोहित शर्मा (6) को अनिकेत ने अपना शिकार बनाया। 

पटेल ने अंतिम ओवरों में 17 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 38 रन की अहम पारी खेली। उन्होंने वाटसन द्वारा फेंके गए आखिरी ओवर में एक छक्के और दो चौकों की मदद से 19 रन जोड़ते हुए पंजाब को 138 के स्कोर तक पहुंचाया। बेंगलोर के लिए अनिकेत और चहल ने दो-दो विकेट लिए। अरविंद, वाटसन और नेगी को एक-एक सफलता मिली।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल