1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: प्लेआफ की दौड़ से बाहर होने के कगार पर पहुंची RCB को लॉयंस के ख़िलाफ़ उम्मीद

IPL 2017: प्लेआफ की दौड़ से बाहर होने के कगार पर पहुंची RCB को लॉयंस के ख़िलाफ़ उम्मीद

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 26, 2017 05:56 pm IST,  Updated : Apr 27, 2017 05:18 pm IST

बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के बाद अगला मैच बारिश की भेंट चढ़ जाने से प्लेआफ की दौड़ से बाहर होने के कगार पर पहुंची रायल चैलेंजर्स बेंगलूर की टीम आज यहां गुजरात लायन्स के खिलाफ अपने अभियान को पटरी पर लाने की कोशिश करेगी।

RCB- India TV Hindi
RCB

बेंगलुरू: बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन के बाद अगला मैच बारिश की भेंट चढ़ जाने से IPL में प्लेआफ की दौड़ से बाहर होने के कगार पर पहुंची रायल चैलेंजर्स बेंगलूर की टीम आज यहां गुजरात लायन्स के खिलाफ अपने अभियान को पटरी पर लाने की कोशिश करेगी। 

बेंगलुरू की टीम को नाकआउट में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखने के लिये अब अपने बाकी बचे सभी छह मैच जीतने होंगे। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कल रात मैच बारिश की भेंट चढ़ जाने के कारण आरसीबी को एक अंक से ही संतोष करना पड़ा था। उसके इस तरह से आठ मैचों में केवल पांच अंक हैं और वह अंकतालिका में छठे स्थान पर है। 

इससे पहले विराट कोहली और कंपनी कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ केवल 49 रन पर ढेर हो गयी थी जो कि आईपीएल में अब तक का न्यूनतम स्कोर है। ईडन गार्डन्स पर इस शर्मनाक प्रदर्शन के दौरान आरसीबी का कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक में नहीं पहुंच पाया था। 

आरसीबी के चोटी के तीन बल्लेबाज कप्तान कोहली (चार मैचों में 154 रन), क्रिस गेल (पांच मैचों में 144 रन) और एबी डिविलियर्स (चार मैचों में 145 रन) अपेक्षानुरूप प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। 

भारतीय कप्तान कोहली के लिये यह सचाई स्वीकार करना मुश्किल होगा कि उनकी टीम नाकआउट तक पहुंचने में भी नाकाम रही। उनके पास हालांकि अब भी मौका है और उसका सामना गुजरात लायन्स से है जो अच्छी फार्म में नहीं है। 

दूसरी तरफ लायन्स के सात मैचों में केवल चार अंक हैं और वह अंकतालिका में सबसे निचले स्थान पर है। लायन्स की बल्लेबाजी भी अच्छी नहीं रही है और उसके शीर्ष बल्लेबाजों ने कभी कभार ही अपना जलवा दिखाया है। टीम इससे उबरने के लिये बेता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि चोटिल ड्वेन ब्रावो की जगह टीम में लिये गये इरफान पठान को अंतिम एकादश में जगह दी जाती है या नहीं। इरफान को आईपीएल नीलामी में किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा था। उन्होंने अब तक 102 आईपीएल मैचों में 1137 रन बनाये हैं और 102 विकेट लिये हैं। 

गुजरात कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ पिछली जीत की रणनीति पर चलने की कोशिश करेगा। उस मैच में कप्तान सुरेश रैना ने 46 गेंदों पर 84 रन बनाये। रैना ने टूर्नामेंट में अब तक 275 रन बनाये हैं लेकिन अन्य बल्लेबाज अपेक्षि्ग्यत प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं। आरसीबी के खिलाफ फिर से टीम का दारोमदार रैना पर टिका रहेगा। 

ब्रैंडन मैकुलम ने अब तक 258 रन बनाये हैं। रैना, मैकुलम और आरोन फिंच तीनों आरसीबी के बिग थ्री की बराबरी करने की कोशिश करेंगे। 

गेंदबाजी गुजरात के लिये बड़ी समस्या है। उसके गेंदबाजों ने छह मैचों में अब तक केवल 26 विकेट लिये हैं। उसे अपने तेज गेंदबाज एंड्रयू टाई के फिट होने की उम्मीद है। उन्होंने अब तक चार मैचों में हैट्रिक सहित नौ विकेट लिये हैं। 

गुजरात की टीम में शामिल मुख्य गेंदबाज रविंद्र जडेजा हालांकि अब तक नहीं चल पाये हैं जबकि प्रवीण कुमार की भी तेजी और स्विंग में पैनापन नहीं है। केवल केरल के तेज गेंदबाज बासिल थम्पी ने उसकी तरफ से अच्छा प्रदर्शन किया है। 

टीमें: 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर: विराट कोहली (कप्तान), टाइमल मिल्स, अनिकेत चौधरी, प्रवीण दुबे, बिली स्टानलेक, एबी डिविलियर्स, क्रिस गेल, युजवेंद्र चहल, हर्षल पटेल, मनदीप सिंह, एडम मिल्ने, श्रीनाथ अरविंद, केदार जाधव, शेन वाटसन, स्टुअर्ट बिन्नी, सैमुअल बद्री, इकबाल अब्दुल्ला, ट्रेविस हेड, सचिन बेबी, अवेश खान, तबरेज शम्सी। 

गुजरात लॉयन्स: सुरेश रैना (कप्तान), अक्षदीप नाथ, शुभम अग्रवाल, बासिल थम्पी, चिराग सूरी, जेम्स फाकनर, इरफान पठान, आरोन फिंच, मनप्रीत गोनी, ईशान किशन, रविंद्र जडेजा, शादाब जकाती, दिनेश कार्तिक, धवल कुलकर्णी, शिविल कौशिक, प्रवीण कुमार, ब्रेंडन मैकुलम, मुनाफ पटेल, प्रथम सिंह, जैसन राय, प्रदीप सांगवान, जयदेव शाह, शैली शौर्या, नाथू सिंह, ड्वेन स्मिथ, तेजस बारोका, एंड्रयू टाई। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल