1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2017: आरसीबी ने मुंबई को 163 रन का लक्ष्य दिया

IPL 2017: आरसीबी ने मुंबई को 163 रन का लक्ष्य दिया

 Written By: Bhasha
 Published : May 01, 2017 07:15 pm IST,  Updated : May 01, 2017 07:15 pm IST

पिछले दो मैचों में 100 रन तक पहुंचने में भी नाकाम रही रायल चैलेंजर्स बेंगलूर की टीम ने आज यहां कुछ सुधरा प्रदर्शन करके मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आईपीएल मैच में आठ विकेट पर 162 रन बनाये।

Ab de villiers- India TV Hindi
Ab de villiers

मुंबई: पिछले दो मैचों में 100 रन तक पहुंचने में भी नाकाम रही रायल चैलेंजर्स बेंगलूर की टीम ने आज यहां कुछ सुधरा प्रदर्शन करके मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आईपीएल मैच में आठ विकेट पर 162 रन बनाये। 

आरसीबी का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया लेकिन एबी डिविलियर्स (27 गेंदों पर 43), पवन नेगी (23 गेंदों पर 35) और केदार जाधव (22 गेंदों पर 28) के योगदान से टीम 150 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही। मुंबई की तरफ से मिशेल मैकलेनगन ने 34 रन देकर तीन और कृणाल पंड्या ने 34 रन देकर दो विकेट लिये। 

प्लेआफ की दौड़ से बाहर हो चुकी आरसीबी की टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद सकारात्मक शुरूआत की लेकिन उसकी सलामी जोड़ी फिर से बड़ी साझेदारी निभाने में नाकाम रही। कप्तान विराट कोहली (20) और मनदीप सिंह (17) ने पहले विकेट के लिये 31 रन जोड़े लेकिन ये दोनों नौ रन के अंदर पवेलियन लौट गये। 

मनदीप ने चोटिल हरभजन सिंह की जगह शामिल किये गये लेग स्पिनर कर्ण शर्मा की गेंद पर स्लाग स्वीप करने के प्रयास में मिडविकेट कैच दिया जबकि कोहली ने मैकलेनगन की गेंद फ्लिक करने करके शार्ट मिडविकेट पर खड़े रोहित शर्मा को कैच का अभ्यास कराया। कोहली ने अपनी पारी में दो छक्के लगाये। 

डिविलियर्स ने मैकलेनगन के इसी ओवर में चौका और छक्का जड़कर शुरूआत की और फिर कृणाल पंड्या को यही सबक सिखाया। उन्होंने ट्रेविस हेड : 10 : के साथ तीसरे विकेट के लिये 45 रन की साझेदारी करके टीम को शुरूआती झटकों से उबारने की कोशिश की लेकिन ये दोनों भी 12 गेंद के अंदर आउट हो गये। 

हेड ने कृणाल की गेंद पर डीप मिडकिकेट पर आसान कैच थमाया जबकि इसी गेंदबाज के अगले ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़ने के बाद डिविलियर्स ने अगली गेंद को यही सबक सिखाने की कोशिश की लेकिन वह उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर हवा में लहरा गयी। इस तरह से कृणाल फिर से डिविलियर्स के खिलाफ सफल रहे जिन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और इतने ही छक्के लगाये। 

आरसीबी के फिर से दो नये बल्लेबाज क्रीज पर थे और जसप्रीत बुमराह ने इसका फायदा उठाकर अगले ओवर में शेन वाटसन (तीन) की गिल्लियां बिखेर दी। डिविलियर्स के जाने के बाद ही रन गति धीमी पड़ गयी थी और बीच में 25 गेंद तक कोई बाउंड्री नहीं लगी। जाधव ने बुमराह पर चौका जड़कर चुप्पी तोड़ी लेकिन वह नेगी थे जिन्होंने स्कोर को तेज गति से आगे बढ़ाया। 

लसित मलिंगा के पहले तीन ओवर किफायती रहे थे लेकिन नेगी ने उनके आखिर में एक्स्ट्रा कवर और लांग आफ पर छक्के जड़कर इस श्रीलंकाई का विश्लेषण बिगाड़ दिया। नेगी ने बुमराह पर भी लांग आन पर खूबसूरत छक्का लगाया। मैकलेनगन के पारी के आखिरी ओवर की अंतिम तीन गेंदों पर विकेट निकले। नेगी और जाधव ने लंबे शाट खेलने के प्रयास में कैच थमाये जबकि एस अरविंद रन आउट हुए। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल