दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी जो इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के दूसरे चरण से पहले रविवार को दुबई पहुंच गए। दिल्ली कैपिटल्स ने ये जानकारी दी।
दिल्ली कैपिटल्स ने अपने बयान में कहा, "ऋषभ पंत, आर अश्विन, अजिंक्य रहाणे, इशांत शर्मा, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ और उमेश यादव समेत टीम के खिलाड़ियों का दुबई पहुंचने पर कोविड -19 टेस्ट किया गया। इसके बाद, खिलाड़ी बाकी दिल्ली कैपिटल्स टीम में शामिल होंगे, जो पहले से ही बायो-बबल का हिस्सा हैं।"
बता दें, दिल्ली कैपिटल्स अपना पहला मैच 22 सितंबर को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। हालांकि, यह देखना होगा कि टीम में इंग्लैंड के हरफनमौला क्रिस वोक्स की जगह कौन लेगा क्योंकि वह व्यक्तिगत कारणों से टूर्नामेंट के दूसरे चरण से हट गये हैं। दिल्ली कैपिटल्स फिलहाल 8 में से 6 मैच जीतकर 12 अंकों के साथ पाइंट टेबल में शीर्ष पर है।
गौरतलब है कि भारत-इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के अंतिम मुकाबले को कोविड-19 से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रद्द कर दिया गया। इस सीरीज में भारतीय टीम ने दो मैचों में जीत दर्ज कर सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाई हुई थी। आखिरी टेस्ट रद्द होने के बाद भारतीय खिलाड़ी IPL में हिस्सा लेने के लिए UAE पहुंच रहे हैं।