1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: रहाणे का अर्धशतक, पुणे ने मुंबई इंडियन्स को 9 विकेट से हराया

IPL: रहाणे का अर्धशतक, पुणे ने मुंबई इंडियन्स को 9 विकेट से हराया

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 09, 2016 07:59 pm IST,  Updated : Apr 09, 2016 11:15 pm IST

गेंदबाजों के कमाल के बाद अजिंक्य रहाणे के अर्धशतक से पदार्पण कर रही राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नौवें सत्र के पहले मैच में आज यहां एकतरफा मुकाबले में गत चैम्पियन मुंबई इंडियन्स को नौ विकेट से हराकर जीत के साथ आगाज किया।

pune ipl team- India TV Hindi
pune ipl team Image Source : PTI

मुंबई: गेंदबाजों के कमाल के बाद अजिंक्य रहाणे के अर्धशतक से पदार्पण कर रही राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नौवें सत्र के पहले मैच में आज यहां एकतरफा मुकाबले में गत चैम्पियन मुंबई इंडियन्स को नौ विकेट से हराकर जीत के साथ आगाज किया।

मुंबई के 122 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पुणे की टीम ने अजिंक्य रहाणे (नाबाद 66) के अर्धशतक के अलावा फाफ डुप्लेसिस (34) और केविन पीटरसन (14 गेंद में नाबाद 21, दो छक्के) के साथ उनकी पहले और दूसरे विकेट की क्रमश: 78 और 48 रन की अटूट साझेदारियों की बदौलत 32 गेंद शेष रहते एक विकेट पर 126 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। रहाणे ने 42 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के जड़े।

इससे पहले मिशेल मार्श (21 रन देकर दो) और इशांत शर्मा (36 रन देकर दो) की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से सुपर जाइंट्स ने मुंबई इंडियन्स को आठ विकेट पर 121 रन पर रोक दिया।

हरभजन सिंह 30 गेंद में नाबाद 45 रन की पारी खेलकर मुंबई को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उनके अलावा अंबाती रायुडू (22) और आर विनय कुमार (12) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। हरभजन ने 30 गेंद का सामना करते हुए सात चौके और एक छक्का जड़ा जिससे मुंबई ने अंतिम तीन ओवर में 41 रन जोड़े। हरभजन और विनय कुमार ने आठवें विकेट के लिए पारी की सर्वश्रेष्ठ 28 रन की साझेदारी की।

पुणे की टीम की ओर से रजत भाटिया और लेग स्पिनर मुरूगन अश्विन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में क्रमश: 10 और 16 रन देकर एक एक विकेट चटकाया।

टीमें:

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, हरभजन सिंह, हार्दिक पंड्या, केरन पोलार्ड, लेंडल सिमंस, जोस बटलर, मिशेल मैकक्लेनाघन, एस. गोपाल, अंबाती रायडू, विनय कुमार।

पुणे सुपर जाएंट्स : महेन्द्र सिंह धोनी (कप्तान), रविचंद्रन अश्विन, फॉफ दू प्लेसिस, मिशेल मार्श, रजत भाटिया, एम. अश्विन, केविन पीटरसन, अजिंक्य रहाणे, स्टीवन स्मिथ, इशांत शर्मा, आरपी सिंह।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल