1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL: दिल्ली बनाम मुंबई मैच में सभी की निगाहें डिकॉक पर होंगी

IPL: दिल्ली बनाम मुंबई मैच में सभी की निगाहें डिकॉक पर होंगी

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 22, 2016 05:11 pm IST,  Updated : Apr 22, 2016 05:11 pm IST

नयी दिल्ली: खराब शुरूआत के बाद वापसी करने वाली दिल्ली डेयरडेविल्स की निगाहें शुक्रवार यहां घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन कर गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग मैच में जीत

Quinton de Kock- India TV Hindi
Quinton de Kock

नयी दिल्ली: खराब शुरूआत के बाद वापसी करने वाली दिल्ली डेयरडेविल्स की निगाहें शुक्रवार यहां घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन कर गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग मैच में जीत की हैट्रिक पूरी करने पर लगी होंगी। टूर्नामेंट के शुरूआती मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स से मिली नौ विकेट की शिकस्त के बाद दिल्ली ने शानदार बल्लेबाजी की बदौलत मजबूती से वापसी करते हुए अपने अगले दो मैचों में किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर को पराजित किया।

दिल्ली डेयरडेविल्स अभी लीग की तालिका में तीन मैचों में चार अंक से तीसरे स्थान पर है जबकि मुंबई इंडियंस पांच मैचों में दो जीत और तीन शिकस्त से पांचवें स्थान पर बनी हुई है। मुंबई इंडियंस को अभी तक मिश्रित परिणाम मिले हैं, उसने किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर के खिलाफ दो मैचों में जीत दर्ज की जबकि रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स, गुजरात लायंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तीन मैच गंवा दिये। शुरूआती मैच में फ्लाप शो के बाद दिल्ली डेयरडेविल्स की बल्लेबाजी बेंगलूर के खिलाफ पिछले मैच में लाजवाब रही। केकेआर के खिलाफ पहले मैच में टीम 98 रन पर सिमट गयी थी और पंजाब के खिलाफ दूसरे मैच में उन्हें सिर्फ 112 रन का लक्ष्य मिला था तो बल्लेबाजों के हुनर की आजमाइश नहीं हो सकी।

लेकिन बेंगलूर के खिलाफ पिछले मैच में आईपीएल के नौंवे सत्र में पहला शतक दिल्ली की टीम के दक्षिण अफ्रीकी सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने जड़ा जिन्होंने महज 51 गेंद में 108 रन बनाये जिससे टीम ने 192 रन का लक्ष्य आराम से हासिल करते हुए सात विकेट की जीत दर्ज की। डिकॉक के अलावा युवा करूण नायर ने भी 42 गेंद में नाबाद 54 रन बनाकर महत्वपूर्ण भूमिका अदा की जिससे कल इन दोनों से अच्छी फार्म जारी रखने की उम्मीद की जायेगी। लेकिन कोच राहुल द्रविड़ के लिये चिंता का विषय यह है कि डिकॉक और नायर के अलावा टीम के बल्लेबाजी लाइन अप का इम्तिहान नहीं हुआ है। दिल्ली का भाग्य जेपी डुमिनी तथा पवन नेगी और कार्लोस ब्रैथवेट के प्रदर्शन पर निर्भर होगा जो अपनी टीम के लिये मैच जीतने में सक्षम हैं। ब्रैथवेट ने वेस्टइंडीज के लिये जीत में आईसीसी विश्व टी20 फाइनल में इंग्लैंड के बेन स्टोक्स पर लगातार चार छक्के जड़कर क्रिकेट की दुनिया को हैरान कर दिया था, वह भी टूर्नामेंट में बड़ा असर छोड़ना चाहते होंगे।

गेंदबाजी में दिल्ली के पास अनुभवी कप्तान जहीर खान मौजूद हैं जो गेंदबाजों की अगुवाई करेंगे। क्रिस मौरिस भी किफायती रहे थे, मोहम्मद शमी ने लंबे समय बाद आईपीएल मैच में वापसी करते हुए दो विकेट चटकाने के बावजूद कुछ रन गंवा दिये। भारत के सर्वश्रेष्ठ लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने लगातार बढि़या प्रदर्शन किया, वह स्पिन विभाग की अगुवाई करेंगे जिसमें पवन नेगी भी शामिल हैं। वहीं मुंबई इंडियंस शुरू में टीम संयोजन में जूझती दिखी लेकिन विराट कोहली की बेंगलूर के खिलाफ 170 रन के लक्ष्य का पीछा करने में सफल रही।

दो बार की विजेता मुंबई को इस सत्र में अपने दोनों घरेलू मैचों में आईपीएल में पदार्पण कर रही राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स और गुजरात लायंस से पराजय झेलनी पड़ी लेकिन उन्हें इस बात से संतोष करना पड़ेगा कि उनका अभियान अभी तक प्रभावशाली रहा है। रोहित शर्मा को छोड़कर मुंबई के शीर्ष क्रम का प्रदर्शन अभी तक लचर ही रहा है। रोहित ने अपनी टीम की दोनों जीत में शानदार अर्धशतक जड़े थे। लेकिन अन्य तीन मैचों में शीर्ष बल्लेबाज बतौर इकाई प्रदर्शन करने में असफल रहे। चोटिल लेंडिल सिमन्स की जगह आने वाले मार्टिन गुप्टिल सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने पहले मैच में उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सके जिससे मुंबई टीम प्रबंधन को बेंगलूर के खिलाफ उन्हें पिछले मैच में बाहर करना पड़ा। वहीं फिट हुए किरोन पोलार्ड ने गुप्टिल की जगह आकर 19 गेंद में नाबाद 39 रन बनाकर प्रभावित किया। इंग्लैंड के जोस बटलर और भारतीय टीम से बाहर चल रहे अम्बाती रायुडू शुरूआत तो कर रहे हैं लेकिन बिग हिटर पोलार्ड ही इसमें अंतर ला सकते हैं। हार्दिक पंड्या फार्म में नहीं है लेकिन उनके भाई क्रुणाल पंड्या मौकों का फायदा उठा रहे हैं, जिन्होंने बल्ले और गेंद से प्रभावित किया। लसिथ मलिंगा की अनुपस्थिति में मुंबई इंडियंस को न्यूजीलैंड के टिम साउदी और मिशेल मैक्लेनाघन पर ही निर्भर रहना होगा।

दिल्ली डेयरडेविल्स: जहीर खान (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, जेपी डुमिनी, मयंक अग्रवाल, श्रेयस अयर, कार्लोस ब्रैथवेट, करूण नायर, पवन नेगी, रिषभ पंत, संजू सैमसन, पवन सुयाल, जयंत यादव, क्रिस मौरिस, सैम बिलिंग्स, नाथन कोल्टर नील, इमरान ताहिर, महिपाल लोमोर, चामा मिलिंद, अमित मिश्रा, मोहम्मद शमी, शाहबाज नदीम, खलील अहमद, अखिल हर्दवादकर, प्रत्यूष सिंह।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), पार्थिव पटेल, हार्दिक पंड्या, जोस बटलर, मिशेल मैक्लेनाघन, अम्बाती रायुडू, किरोन पोलार्ड, हरभजन सिंह, जगदीश सुचित, टिम साउदी, जसप्रीत बुमरा, श्रेयस गोपाल, आर विनय कुमार, कोरी एंडरसन, उन्मुक्त चंद, मर्चांट डि लांगे, सिधेश लाड, किशोर कामत, क्रुणाल पंड्या, दीपक पुनिया, नितिश राना, जीतेश शर्मा, नाथू सिंह, अक्षय वाखरे, मार्टिन गुप्टिल।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।